
अवध सूत्र पर बड़ी खबरें
लखनऊ: सीएम योगी से मिले प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 40 नवचयनित अधिकारी। चयनित अधिकारियों में 21 IIT से शिक्षित हैं, जबकि 8 महिला अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और योग्यता को प्राथमिकता दी गई है। पहली बार लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के जरिए अधिकारियों का चयन किया गया।
लखनऊ: कृष्णानगर में युवक पर जानलेवा हमला। गाड़ी हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। सर्राफा चौकी के पास अमित वर्मा पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया। पूरी घटना CCTV में कैद हुई है। पीड़ित ने चौकी इंचार्ज पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपियों का धारा 151 में चालान किया।
लखनऊ: ड्राइविंग लाइसेंस में अनियमितता मिलने पर दो MVI पर कार्रवाई। बस्ती ARTO कार्यालय में 998 लाइसेंस बिना जरूरी जांच के मंजूर किए जाने का मामला सामने आया। MVI संजय कुमार दास को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है, जबकि MVI सीमा गौतम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मामले में सतर्कता जांच की तैयारी है।
लखनऊ: IT चौराहे के पास बारिश के दौरान विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ और आसपास के मार्गों पर डायवर्जन करना पड़ा। पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को काटकर सड़क से हटाया। रास्ता साफ होने के बाद यातायात सामान्य हो गया।
आगरा: UGC के विरोध में चल रहा प्रदर्शन हंगामे में बदल गया। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इंस्पेक्टर क्राइम के लाठीचार्ज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। एत्मादपुर तहसील में प्रदर्शनकारियों का धरना जारी है।
अयोध्या: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक 2 सितंबर को होगी। मणिराम दास छावनी में दोपहर 3 बजे बैठक प्रस्तावित है। एजेंडे में करीब एक दर्जन महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। राम मंदिर CEO के चयन, 2025-26 के ऑडिटेड आय-व्यय और तुलन पत्र को मंजूरी देने पर चर्चा होगी।
गोंडा: शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर साढ़े 12 लाख रुपये की ठगी। पीड़ित को लिंक भेजकर कई किस्तों में रकम ट्रांसफर कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर रकम फ्रीज कराई। विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़ित को उसका पैसा वापस कराया गया।
लखनऊ: बारिश के बाद अलीगंज के कई इलाकों में जबरदस्त जलभराव। सेक्टर-Q, आंचलिक केंद्र और कपूरथला की सड़कें पानी में डूबी रहीं। जलभराव से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। नाला-नालियों की सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद समस्या कायम रहने पर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे।
हापुड़: पिलखुआ क्षेत्र के GS रेलवे फाटक पर बड़ा हादसा टला। बंद फाटक के नीचे से बाइक निकालने के दौरान बाइक चलती ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कई लोगों की जान बाल-बाल बची।
अयोध्या: सिविल लाइन स्थित लक्ष्मी स्वीट हाउस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। आग से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। मामला कोतवाली नगर क्षेत्र का है।
प्रयागराज: कौशांबी की पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में मृतकों की संख्या बढ़कर 12 हो गई। एसआरएन अस्पताल में भर्ती राजेश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य लोगों का उपचार जारी है।
मेरठ: BKU किसान महापंचायत में विधायक अतुल प्रधान ने पहुंचकर किसानों को समर्थन दिया। उन्होंने किसानों को केले और पानी वितरित किया। अतुल प्रधान ने कहा कि किसान यूनियन देश के लिए वरदान है। उन्होंने चीनी का रेट 70 रुपये और गन्ने का रेट 600 रुपये करने की मांग उठाई।
कानपुर: यूपी टी-20 लीग में पहली बार रिजर्व-डे की व्यवस्था की गई है। प्लेऑफ के लिए 5 सितंबर और फाइनल के लिए 7 सितंबर को रिजर्व-डे रखा गया है। बारिश के कारण मुकाबले कानपुर से लखनऊ शिफ्ट किए गए हैं। नॉकआउट मुकाबले पूरे ओवरों के साथ कराने की तैयारी है।
सोनभद्र: रिहंद बांध का जलस्तर 872 फीट के पार पहुंच गया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दो फाटक 16-16 फीट खोल दिए गए हैं। करीब 20,800 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलस्तर बढ़ने पर तीसरा फाटक भी खोले जाने की संभावना है।
सीतापुर: तंबौर में लखनऊ की GST टीम ने प्लाईवुड फैक्ट्री और संचालक के घर पर छापेमारी की। कई वाहनों से पहुंची टीम ने फैक्ट्री और आवास में दस्तावेजों की जांच की। हिंदुस्तान प्लाईवुड फैक्ट्री में जांच की कार्रवाई देर तक जारी रही।
बलिया: जवाहर नवोदय विद्यालय में छात्रों ने भोजन और साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने मेस में गंदगी के बीच खाना बनाए जाने का आरोप लगाया। विद्यालय परिसर में कई बार सांप दिखाई देने की शिकायत भी की गई। छात्रों ने स्कूल प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की।
रामपुर: भोट पुलिस और SOG की संयुक्त कार्रवाई में 3 किलो अफीम के साथ छह आरोपी गिरफ्तार किए गए। बरामद अफीम की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से तमंचा-कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल स्कॉर्पियो भी बरामद हुई। सभी के खिलाफ NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
बलिया: कक्षा एक की छात्रा रागिनी ने DM से साइकिल दिलाने की गुहार लगाई। हादसे में एक पैर क्षतिग्रस्त होने के बावजूद रागिनी पढ़ाई के लिए रोज स्कूल जाती है। छात्रा का कहना है कि साइकिल मिलने से स्कूल आने-जाने में आसानी होगी। उसकी अपील सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
सीतापुर: सर्राफा व्यापारी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से दो बाइक, असलहा-कारतूस और लूटे गए चांदी के जेवर बरामद किए गए। 23 अगस्त को रसूलपुर के पास रमेश रस्तोगी से लूट हुई थी। पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।
बाराबंकी: मसौली में बारिश के दौरान दो बसों की भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना बड़ागांव के पास रानी बाजार के नजदीक हुई।
वाराणसी: कान्हा के स्वागत को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रमुख मंदिरों और जुलूस मार्गों पर अतिरिक्त सफाई कर्मी लगाए जाएंगे। संवेदनशील इलाकों में भी विशेष सफाई व्यवस्था रहेगी। नगर आयुक्त ने जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी और सड़कों का पैचवर्क जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
सोनभद्र: लगातार बारिश से जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई घरों में पानी घुस गया है। मधुपुर, रॉबर्ट्सगंज और बभनी क्षेत्र में भारी जलभराव की सूचना है। अधिकारी तटवर्ती गांवों और बांधों का निरीक्षण कर रहे हैं।
इटावा: इकदिल कस्बे में तैनात सिपाही का हूटर-सायरन बजाते हुए वीडियो वायरल हुआ। निजी वाहन में हूटर का इस्तेमाल करने और नशे की हालत में चौराहे पर हंगामा करने का आरोप है। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
आजमगढ़: महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कुलपति के RSS कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर विरोध प्रदर्शन हुआ। सपा छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने हरिऔध कला केंद्र के बाहर हंगामा किया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई। कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
जालौन: सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हादसे में शामिल लोडर को पकड़ने की मांग की। मामला कुठौंद थाना क्षेत्र के माधौगढ़ चौराहे का है।
श्रावस्ती: CMO के निरीक्षण में जिला अस्पताल भिनगा और CHC भंगहा में अव्यवस्था सामने आई। LT, ANM और फार्मासिस्ट ड्यूटी से नदारद मिले। तीन कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। CMO ने स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की चेतावनी दी।
चित्रकूट: बाढ़ प्रभावित चौरा गांव में राहत सामग्री पहुंचाई गई। प्रभावित परिवारों को 75 राशन किट और 500 फूड पैकेट वितरित किए गए। स्वास्थ्य टीम ने लोगों को दवाएं उपलब्ध कराईं और डॉक्टरों ने प्रभावितों का उपचार किया।
कन्नौज: तिर्वा में SDM वैशाली ने आतिशबाजी की दुकानों और गोदामों का औचक निरीक्षण किया। भंडारण व्यवस्था और आग से बचाव के इंतजाम जांचे गए। सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
जालौन: वृद्ध महिला ने जिला कोषाधिकारी और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। महिला ने पेंशन व दस्तावेजों में हेरफेर तथा जिला कोषाधिकारी पर अभद्रता करने का आरोप लगाया है। मामला उरई के बघौरा इलाके से जुड़ा है।
दिल्ली: IP एस्टेट के धोबी घाट इलाके में चाकूबाजी की घटना में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वारदात 31 अगस्त की रात करीब 11:40 बजे हुई। गंभीर हालत में युवक को LNJP अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक और आरोपी पहले से परिचित थे और दोनों के बीच कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।









