
दिल्ली-NCR में लगातार दूसरे दिन तेज बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मंगलवार को दिल्ली के कई इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। AIIMS फ्लाईओवर लूप, कनॉट प्लेस, ITO और आरके पुरम समेत कई प्रमुख इलाकों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा। दिल्ली-गुरुग्राम को जोड़ने वाले NH-48 पर महिपालपुर के पास लंबा जाम लग गया। कई जगह वाहन पानी में फंसे नजर आए।
खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर उड़ानों की जानकारी लेने के बाद ही एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी। सोमवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से करीब 390 उड़ानें देरी से रवाना हुईं। 15 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि 26 उड़ानें रद्द कर दी गईं।
गुरुग्राम में भी भारी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए। कई इलाकों में तीन फीट तक पानी भरने के बाद प्रशासन ने मंगलवार को सरकारी दफ्तरों और सभी स्कूलों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया। सोमवार को जलभराव के कारण कई स्कूल बसें रास्ते में फंस गईं। इनमें छोटे बच्चे भी सवार थे।
मौसम का असर उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिला। अयोध्या समेत 15 शहरों में मंगलवार सुबह से बारिश जारी है। वाराणसी में सोमवार रात से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत की सूचना है। मथुरा में सड़कें और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए।
मध्य प्रदेश में भी भोपाल समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। विदिशा के बाजार में पानी भर गया, जबकि भोपाल में कई जगह जाम की स्थिति रही। प्रदेश में अब तक 28.75 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड और केरल समेत 15 राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है।







