
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बीजेपी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों से मुलाकात के लिए पार्टी मुख्यालय पहुंचे। उनके पहुंचने पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री को गुलदस्ता देकर स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी ने नई संगठनात्मक टीम के साथ बैठक की और पार्टी को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि संगठनात्मक बैठकें नए विचारों और नए नजरिए पर केंद्रित होती हैं। इन बैठकों का उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और लोगों के साथ जुड़ाव को और गहरा करना है। पीएम मोदी ने नई संगठनात्मक टीम और पार्टी के साथियों के साथ हुई बातचीत को अच्छा अनुभव बताया। उन्होंने बैठक की एक तस्वीर भी साझा की।
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब बीजेपी युवाओं के बीच अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी कर रही है। पार्टी की ओर से जेनजी आउटरीच प्रोग्राम के जरिए नई पीढ़ी से संवाद बढ़ाने पर फोकस किया जा रहा है। इससे एक दिन पहले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई राष्ट्रीय टीम की पहली परिचय बैठक की अध्यक्षता की थी। इसके साथ ही नए पदाधिकारियों की संगठन में नई जिम्मेदारियों की औपचारिक शुरुआत हुई।
रविवार को संगठन की समीक्षा करेंगे नितिन नवीन
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को संगठन की समीक्षा को लेकर अहम बैठक करेंगे। बैठक में सभी राज्यों के बीजेपी अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रभारी शामिल होंगे। बीजेपी मुख्यालय में सुबह 10 बजे से होने वाली इस बैठक में राज्यों में संगठन की स्थिति और पार्टी के कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब समेत चुनावी राज्यों में आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी मंथन होगा। इसके अलावा पार्टी की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े दूसरे मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
नई टीम को दिए गए कई अहम निर्देश
राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में नितिन नवीन ने पार्टी नेताओं को युवाओं के साथ संवाद और जुड़ाव बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ काम करने और पार्टी की विचारधारा से जुड़े रहते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में केंद्र और राज्य सरकारों की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सरकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे और जनता को योजनाओं की जानकारी दी जाए।
इसके साथ ही सार्वजनिक जीवन में संयम, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की नसीहत दी गई। पार्टी नेताओं को अपने आचरण और व्यवहार में अनुशासन रखने को कहा गया। विपक्ष के राजनीतिक आरोपों का जवाब भी तथ्यों के आधार पर देने की हिदायत दी गई। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक मुद्दों पर जवाब तथ्यात्मक, प्रभावी और संयमित तरीके से दिया जाना चाहिए।
बीजेपी की नई संगठनात्मक टीम के साथ प्रधानमंत्री मोदी की बैठक और इसके बाद होने वाली संगठन समीक्षा बैठक को आगामी चुनावों और पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।








