
2,000 से अधिक मरीजों का इलाज कर रेमेडी कैंसर केयर ने पेश की मानव सेवा की मिसाल: ए.के. शर्मा
सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना
लखनऊ, 27 जुलाई 2026। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को विजय खंड, गोमतीनगर स्थित रेमेडी कैंसर केयर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के चिकित्सकों, मेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों की समाज सेवा के प्रति समर्पित भावना की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों का जीवन बचाना सबसे बड़ा मानव धर्म और पुण्य का कार्य है।
मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उपचार की बेहतर सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के जरिए हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिली है, जबकि मुख्यमंत्री राहत कोष से जरूरतमंद मरीजों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
2,000 से अधिक मरीजों का हुआ सफल उपचार
ए.के. शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रेमेडी कैंसर केयर ने आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत 2,000 से अधिक मरीजों का सफल उपचार कर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे संस्थान सरकार के जनकल्याणकारी प्रयासों को मजबूती प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने चिकित्सकों से ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का आग्रह किया, ताकि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार ऐसे जनहितकारी प्रयासों में हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील
अपने संबोधन में मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव हैं, इसलिए युवाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में रेमेडी कैंसर केयर के निदेशक सर अली उस्मानी, डॉ. अर्चित कपूर, डॉ. अभिजीत कपूर, डॉ. आशुतोष पांडेय सहित अन्य चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ, मरीज एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







