
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मूल्यों, सिद्धांतों और राष्ट्रहित की राजनीति के बल पर शून्य से शिखर तक की यात्रा तय की है। वर्ष 1985 में लोकसभा में केवल दो सीटों तक सीमित रहने वाली भाजपा आज केंद्र सहित देश के 21 राज्यों में सरकार चला रही है और दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बन चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह यात्रा केवल सत्ता प्राप्त करने की नहीं, बल्कि सुरक्षा, सुशासन, समृद्धि और सामाजिक समन्वय स्थापित करने की यात्रा है।
मुख्यमंत्री शनिवार को गोरखपुर के गुलरिहा स्थित एक रिजॉर्ट में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के अंतर्गत भाजपा महानगर इकाई द्वारा आयोजित प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘दल से पहले देश’ और ‘व्यक्ति से पहले समाज’ की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की वैचारिक शक्ति भारतीय जनसंघ के संस्थापकों के आदर्शों और संस्कारों से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी ताकत का परिचय दिया है। एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक इसका उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले कश्मीर आतंकवाद, पूर्वोत्तर उग्रवाद और नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। कश्मीर में आतंकवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है, पूर्वोत्तर में शांति स्थापित हुई है और नक्सलवाद अब कुछ जिलों तक सीमित रह गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के लिए सबसे पहली आवश्यकता सुरक्षित वातावरण और मजबूत आधारभूत ढांचा है। आज देश में एक्सप्रेसवे, हाईवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, रोपवे, इनलैंड वाटरवे और लॉजिस्टिक नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार को धरातल पर उतार रही है। करोड़ों गरीब परिवारों को आवास, शौचालय, नल से जल, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन जैसी योजनाओं का लाभ मिला है। इसके अलावा पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा, स्टार्टअप, स्टैंडअप और ओडीओपी जैसी योजनाओं ने रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने उन कार्यों को भी साकार किया, जिन्हें कभी असंभव माना जाता था। श्रीराम जन्मभूमि विवाद का समाधान, भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम और विंध्य धाम का विकास इसके प्रमुख उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश में विकास, सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का नया मॉडल प्रस्तुत किया है।







