Responsive Menu

Download App from

Download App

Follow us on

Donate Us

रांची छात्र आंदोलन को मिला अभिजीत दीपके का समर्थन, बोले- देवेंद्र महतो के चेहरे पर ही चले पूरा आंदोलन

अभिजीत दीपके ने कहा
अभिजीत दीपके ने कहा
[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]
Author Image
Written by
Rishabh Rai

रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को अब कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के फाउंडर अभिजीत दीपके का समर्थन मिल गया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र महतो ने बड़ा त्याग किया है और उनका आंदोलन मजबूत करने के लिए जो भी जरूरी होगा, उनकी टीम वह करेगी।

अभिजीत दीपके ने कहा कि वह चाहते हैं कि पूरा आंदोलन देवेंद्र महतो के चेहरे पर ही चले, क्योंकि इस समय सबसे महत्वपूर्ण बात आंदोलन के मुद्दे और उसके नेतृत्व पर फोकस बनाए रखना है।

Advertisement Box

‘अभी रांची जाकर फोकस हटाना नहीं चाहते’

जब उनसे पूछा गया कि वह रांची कब जाएंगे, तो अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी टीम पहले से ही वहां मौजूद है। उनके मुताबिक, इस आंदोलन के नेता देवेंद्र महतो हैं, जो नौ दिनों से अनशन पर हैं।

उन्होंने कहा, “हमारी टीम वहां पर है। इस मूवमेंट के लीडर देवेंद्र महतो हैं। हमारे लोग वहां पर हैं। अभी हम नहीं चाहते कि देवेंद्र महतो से फोकस हटे। हमारा पूरा समर्थन है।”

अभिजीत ने कहा कि किसी आंदोलन में सबसे महत्वपूर्ण यह है कि आप उसके साथ खड़े हैं या नहीं। उनका उद्देश्य रांची जाकर खुद को आंदोलन का चेहरा बनाना नहीं, बल्कि आंदोलन कर रहे छात्रों और उसके नेतृत्व को मजबूत करना है।

‘विधानसभा घेराव में हमारी टीम कंधे से कंधा मिलाकर चली’

अपने होम टाउन छत्रपति संभाजीनगर में मीडिया से बातचीत के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा कि वह लगातार झारखंड के छात्रों के संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि जब देवेंद्र महतो विधानसभा का घेराव करने जा रहे थे, तब उनकी टीम भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही थी।

उन्होंने कहा, “उनको मजबूत करना हमारा काम है। वहां जाकर अपना चेहरा चमकाना हमारा काम नहीं है।”

उनके इस बयान से साफ है कि सीजेपी आंदोलन में अपनी मौजूदगी बनाए रखना चाहती है, लेकिन नेतृत्व का चेहरा देवेंद्र महतो को ही बनाए रखने के पक्ष में है।

‘जहां छात्र आंदोलन करेंगे, हम साथ खड़े रहेंगे’

अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्रों के मुद्दों को लेकर होने वाले आंदोलनों में उनकी पार्टी समर्थन देती रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी दल की हो, इससे उनके रुख पर कोई फर्क नहीं पड़ता।

उन्होंने कहा कि जहां भी छात्र अपने अधिकारों और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन करेंगे, उनकी पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।

सोशल मीडिया पोस्ट में भी किया समर्थन

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी देवेंद्र महतो के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने देवेंद्र महतो के साहस और हौसले की तारीफ करते हुए उन्हें झारखंड के युवाओं की आवाज और प्रेरणा बताया।

उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि इस लड़ाई में वह पूरी मजबूती से देवेंद्र महतो के साथ खड़े हैं। साथ ही उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि देश को संघर्षशील और साहसी युवाओं की जरूरत है।

18 दिनों से जारी है छात्र आंदोलन

झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन पिछले 18 दिनों से जारी है। आंदोलनकारी छात्र भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों की जांच और दोषियों पर कार्रवाई समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस बीच देवेंद्र महतो के अनशन और आंदोलन को मिल रहे समर्थन ने सरकार के सामने छात्रों के इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया है। अब देखना होगा कि सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच इस गतिरोध का समाधान किस तरह निकलता है।

आज का राशिफल

वोट करें

आमिर की अगली फिल्म 'सितारे जमीन पर' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ। क्या यह फिल्म आमिर को बॉक्स ऑफिस पर सफलता दिला पाएगी?

और भी पढ़ें

WhatsApp