
स्मार्ट मीटर पर फिलहाल रोक, उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: 45 दिन तक नहीं कटेगा कनेक्शन
लखनऊ, प्रदेश सरकार ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए फिलहाल पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने शक्ति भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए कि तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने और उसकी जांच पूरी होने तक यह प्रक्रिया स्थगित रहेगी।

बैठक में उपभोक्ताओं को राहत देते हुए कई अहम फैसले लिए गए। जिन उपभोक्ताओं के यहां हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, उनके लिए लगभग 45 दिन तक बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इसमें 15 दिन की रूपांतरण अवधि और उसके बाद 30 दिन की अतिरिक्त राहत शामिल है।
सरकार ने यह भी तय किया है कि जीरो बैलेंस होने की स्थिति में भी उपभोक्ताओं की बिजली तुरंत नहीं काटी जाएगी। अधिकतम 3 दिन या ₹200 तक (2 किलोवाट भार तक) बिजली आपूर्ति जारी रहेगी, जिससे उपभोक्ताओं को असुविधा न हो।
उपभोक्ताओं को समय रहते सूचना देने के लिए 5-स्तरीय SMS अलर्ट प्रणाली लागू की जाएगी। इसके तहत बैलेंस 30% होने, 10% होने, बैलेंस समाप्त होने, डिस्कनेक्शन से एक दिन पहले और डिस्कनेक्शन के बाद तक संदेश भेजे जाएंगे।
मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में किसी भी स्थिति में बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा, भले ही बैलेंस नेगेटिव हो।
गर्मी के मौसम को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। ट्रांसफार्मर बदलने, ढीले तारों और स्पार्किंग जैसी समस्याओं को तत्काल ठीक करने तथा अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया है।
इसके साथ ही जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन पहले से कटे हैं, उनसे फोन के माध्यम से संपर्क कर उनकी समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए गए हैं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता है और हर स्तर पर जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में अपर मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष आशीष गोयल, डीजी विजिलेंस जय नारायण सिंह सहित सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक और जनपदस्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।








