Written by
यूपी में बड़े स्तर पर होने वाला है फेरबदल, लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे इन कर्मचारियों का होगा तबादला
यूपी में बड़े स्तर पर होने वाला है फेरबदल, लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे इन कर्मचारियों का होगा तबादललखनऊ। अपर मुख्य सचिव बेसिक शिक्षा रेणुका कुमार ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को लंबे समय से एक ही जिले या मंडल में कार्यरत खंड शिक्षा अधिकारियों का अनिवार्य रूप से 10 जुलाई तक स्थानान्तरण करने का आदेश दिया है। इसी तरह मंडल, जनपद, डायट व विशिष्ट संस्थानों में तीन वर्ष से अधिक समय से कार्यरत लिपिकों का पटल परिवर्तन करने के आदेश भी दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव ने शासन की स्थानान्तरण नीति के तहत बेसिक शिक्षा विभाग में तबादलों को लेकर 23 जून को कई आदेश जारी किए।
इसमें कहा गया है कि स्थानान्तरित किए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की संख्या 20 प्रतिशत तक सीमित रखी जाए। यदि इस सीमा से अधिक स्थानान्तरण की जरूरत हो तो समूह ‘क’ व ‘ख’ के लिए मुख्यमंत्री का तथा समूह ‘ग’ व ‘घ’ के लिए विभागीय मंत्री का अनुमोदन प्राप्त कर लिया जाए। खंड शिक्षा अधिकारियों का तबादला उनके अत्यधिक ठहराव के क्रमानुपात (अवरोही क्रम) के आधार पर किया जाएगा।
शासनादेश में मंडल, जनपद, डायट व विशिष्ट संस्थानों में के सभी कार्यालयों में कार्यरत ऐसे लिपिकों का पटल परिवर्तन करने का आदेश दिया गया है, जिनका 31 मार्च 2021 तक एक ही पटल पर तीन वर्ष से अधिक का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इन लिपिकों के पटल परिवर्तन की कार्यवाही भी 10 जुलाई तक अनिवार्य रूप से किए जाने के आदेश दिए गए हैं। अपर मुख्य सचिव ने तबादला नीति में आने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के अधीनस्थ कार्यालयों, संस्थानों व विशिष्ट संस्थानों में कार्यरत समूह ‘ग’ के कर्मचारियों यथा लेखाकार, सहायक लेखाकार, वरिष्ठ संप्रेक्षक व कनिष्ठ संप्रेक्षक का तबादला 15 जुलाई तक करने का आदेश दिया है।






