01/05/2021

अवध सूत्र

Latest Online Breaking News

श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिक/कामगार जनों के साथ संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उद्बोधन

1 min read
😊 Please Share This News 😊

श्रमिक दिवस के अवसर पर श्रमिक/कामगार जनों के साथ संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का उद्बोधन

अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस की सभी श्रमिक- कामगार भाई-बहनों को बधाई-शुभकामनाएं। देश की प्रगति में श्रमिक भाइयों-बहनों का बड़ा योगदान है। राष्ट्र को परम वैभव तक पहुंचाने की नींव श्रमिक जन ही हैं। हमारा यह संवाद कोरोना की विभीषिका के बीच हो रही है। बड़ी-बड़ी शक्तियां इससे पस्त हो चुकी हैं। कोविड की पिछली लहर में आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हम सुरक्षित रहे थे।

कोविड महामारी की पहली लहर में श्रमिकों की जीवन और जीविका दोनों को संरक्षित करने का प्रयास किया। इसमें श्रमिक भाइयों ने हमें पूरा सहयोग किया। सरकार ने सभी को भरण-पोषण भत्ता प्रदान किया। सभी को राशन उपलब्ध कराया। यह धनराशि आपके खून-पसीने की कमाई ही थी, गाढ़े वक्त में आपको ही समर्पित किया।

उत्तर प्रदेश सरकार आपके सुख-दुख की साथी है। आज श्रमिक दिवस के अवसर पर यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि प्रदेश सरकार अपने सभी श्रमिक भाई-बहनों की सामाजिक सुरक्षा के संकल्प को पूरा करने की दिशा में दो नई योजनाएं शुरू करने जा रही है। प्रदेश का कोई भी श्रमिक हो, पंजीकृत हो या नहीं, खेती के कार्य मे लगा हो, औद्योगिक इकाई में कार्यरत हो, कुली हो, रेहड़ी,पटरी,ठेला, खोमचा लगाता हो या फिर निर्माण श्रमिक हो, सरकार सभी को ₹02 लाख तक के सुरक्षा बीमा कवर प्रदान करेगी। दुर्भाग्यवश यदि आप के साथ कोई अप्रिय दुर्घटना घटती है तो यह ₹2 लाख आपके परिजनों के लिए बड़ा सहारा बनेंगे। इसी प्रकार सभी को ₹5 लाख तक तक स्वास्थ्य बीमा कवर देने की भी योजना शुरू की जा रही है। अब आपको इलाज के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। बीमा की राशि आपके इलाज में उपयोगी होगी। यह दो प्रयास आपकी सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण होंगे।

कोविड की पहली लहर जब आई थी, जब पीक था तब 68000 केस आये थे। आज यह 30 से 50 गुना संक्रामक हो चुकी है। यह महामारी है। जहां पहले 500 मरीज भर्ती होते थे, जिसमें 30-40 को ऑक्सीजन को जरूरत पड़ती थी। आज अगर किसी कोविड हॉस्पिटल में 500 बेड हैं तो उसमें 450 को ऑक्सीजन देने की जरूरत है। ज्यादातर को वेंटिलेटर की आवश्यकता है।

24 अप्रैल के बाद से एक्टिव केस कम होते जा रहे हैं। विगत 24 घंटो की अवधि में प्रदेश में कोविड के 30317 नए केस आए, इसी अवधि में जबकि 38826 लोग उपचारित होकर स्वस्थ हो चुके हैं। यह स्थिति थोड़ी संतोषप्रद है। प्रदेश में संक्रमण कम हो रहा है जबकि रिकवरी बेहतर हो रही है।

बीते 24 घण्टे में 30 हजार केस आये हैं जबकि 38 हजार लोग कोरोना से लड़ाई जीत कर स्वस्थ हो गए। लापरवाही बिल्कुल नहीं। बचाव ही उपचार है।

सरकार श्रमिकों की सुरक्षा और संवर्धन के लिए सभी जरूरी प्रयास कर रही है। साप्ताहिक बन्दी में औद्योगिक गतिविधियां संचालित हो रही है। आपको आने-जाने में कोई समस्या नहीं होगी। इसके लिये नियम-निर्देश जारी किए गए हैं। आपकी जीविका की हमें पूरी चिंता है।

आपको पता होगा कि 02 मार्च 2020 को जब कोरोना का पहला केस आगरा में आया था, तब एनआईवी पुणे में टेस्ट कराना पड़ा। आज 2 लाख 66 हजार टेस्ट एक दिन में कर रहे हैं। अब तक 04 करोड़ से अधिक टेस्ट हम कर चुके हैं। पहला मरीज आया था तो सफदरजंग भेजना पड़ा, आज उत्तर प्रदेश में एल-1 श्रेणी के 1,16,000 बेड हैं, एल-2 और एल-3 के 65 हजार बेड हैं, आईसीयू है वेंटिलेटर हैं।ऑक्सीजन की आपूर्ति हर दिन बढ़ रही है। अब तो एन-95 मास्क यूपी में बन रहा है। पिछली कोरोना लहर से सबक लेते हुए संसाधन बढ़ाये गए हैं।

साथियों, लापरवाही बिल्कुल न करें। थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। औद्योगिक इकाइयों में कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया जा रहा है।

हम सबसे ज्यादा टेस्ट कर रहे हैं तो आज बताते हुए खुशी हो रही है कि आज हमारे यहां 18-44 आयु वर्ग के लोगों का टीकाकरण भी शुरू हो गया है। अभी 18+ का टीकाकरण उन जिलों में हो रहा है, जहां ज्यादा इंफेक्शन है। 45 से अधिक आयु के लोगों का टीका भारत सरकार दे रही है। सभी को मुफ्त टीका लग रहा है। टीकाकरण कोविड से बचाव का सुरक्षा कवच है। आप सभी लोग अपना और अपने परिजनों का टीकाकरण जरूर कराएं।

महामारी है तो थोड़ी दिक्कत तो जरूर होगी। फिर भी हम आप लोगों की सुविधा के लिए सभी जरूरी प्रयास कर रहे हैं। आप लोग सहयोग बनाये रखें। सरकार-प्रशासन के निर्देशों-अपील का पालन करें।

आज श्रमिक दिवस पर मैं आपको आश्वस्त करता हूँ, आपकी सुरक्षा, आपके हितों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। आज के इस संवाद कार्यक्रम में कई श्रमिक भाइयों ने बताया है कि हमारे प्रयासो से उन्हें लाभ हुआ है। उनका जीवन स्तर सुधरा है। विश्वास रखें यह काम लगातार जारी रहेगा।

आपको पता है कि पिछली कोरोना लहर में 54 लाख श्रमिक कामगार जनों को प्रदेश सरकार ने भरण-पोषण भत्ता दिया। ऐसा करने वाला उत्तर प्रदेश पहला राज्य था। सभी के राशन-भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। इस बार भी चिंता मत कीजिये, 05 मई से राशन मिलने जा रहा है। सभी को मुफ्त मिलेगा।

कोविड की पहली लहर में 40 लाख प्रवासी श्रमिक आये, उनके स्वास्थ्य और सेवायोजन की व्यवस्था की गई। इसके लिए एक आयोग गठित किया गया। सभी को रोजगार से जोड़ा गया। हमें सभी की चिंता है।

सरकार ने आपकी बेटियों के विवाह के लिए सामूहिक विवाह का कार्यक्रम चलाया है। भव्य आयोजन होता है। मुझे आत्मिक खुशी होती है इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने पर। पहले लोग इसमें आने को लेकर हिचकिचाते थे। अब डीएम कार्ड बांटते हैं, विधायक मंत्री आते हैं। यह आपकी मेहनत को सम्मान देने का ही एक प्रयास है।

श्रमिक भाइयों, आप की समस्याओं और सपनों से हम अच्छे से परिचित हैं। आप लोग जीवन भर अलग-अलग शहरों में श्रम करते हैं और इससे बच्चों की पढ़ाई ठीक से नहीं हो पाती। इसीलिए हम हर मंडल मुख्यालय पर अटल आवासीय विद्यालय स्थापित कर रहे हैं। यहां रहने, खाने और पढ़ने की सब व्यवस्था होगी। अब बच्चे पढ़ाई करें और आप देश के किसी शहर में निश्चिंत होकर काम करें। कोरोनाकाल में इन विद्यालयों की स्थापना का काम थोड़ा धीमा हुआ है, लेकिन जल्द ही इसे हम पूरा कराएंगे।

अब आपके बच्चे भी आईएएस, आईपीएस और पीसीएस जैसी सेवा में भी चयनित हो सकते हैं। हर बच्चे में प्रतिभा होती है, बस उसे सही दिशा दिखाने की जरूरत है। इसी सोच के साथ सरकार ने ‘अभ्युदय कोचिंग’ की शुरुआत की है। लाखों बच्चे इसका लाभ ले रहे हैं। श्रम योगी मानधन योजना भी आपको सशक्त बनाने वाली है।

श्रमिक भाइयों, कोरोना आपदाकाल में खुद भी सुरक्षित रहें, अपने घरवालों को भी सुरक्षित रखें। मास्क लगाएं, सैनिटाइजर से हाथ साफ करें, ग्लव्स पहनें। आपका जीवन देश के लिए अनमोल है। इसे सुरक्षित रखें।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]
error: Content is protected !!