लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और संगठन महामंत्री सुनील बंसल के पार्टी पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश के बाद कोविड से लड़ रहे समाज के बीच कार्यकर्ता सेवाभाव से जुटे और सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लोगों को ऑक्सीजन मुहैया कराने की संपूर्ण कोशिशें की जा रही है और इसमें बड़े स्तर पर कार्यकर्ता सफल भी हुए हैं। जिला प्रशासन से जारी होने वाली सूचनाओं के माध्यम से कार्यकर्ता लोगों की मदद कर रहे हैं। नगर निगम के कर्मचारियों को कोविड प्रभावित क्षेत्रों की सूचनाएं समय-समय पर देते हुए उनके साथ सैनिटाइजेशन का भी कार्य कार्यकर्ता बखुबी कर रहे हैं।
प्रयागराज महानगर क्षेत्र के यमुनापार इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीते 72 घंटों में दो हजार से ज्यादा मास्क का वितरण किया है। गाजीपुर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर पहुंचकर मास्क व सैनिटाइजर बांटा जा रहा है। इसके साथ ही लोगों से अपील की जा रही है कि वह घर में ही सुरक्षित रहें।
बाराबंकी जिले में कार्यकर्ताओं ने मास्क, सैनिटाइजर के वितरण व्यवस्था को गांवों में मौजूद कार्यकर्ताओं में बांट दिया गया है। आगरा महानगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ऑक्सीजन आपूर्ति का जिम्मा अपने हाथ लेते हुए बहुत सारे लोगों की मदद की है।
बता दें कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कोविड सहायता हेल्पलाइन नंबर 8588870012 की शुरूआत की थी। जिसके माध्यम से भी कोविड मरीजों के परिजनों को सहायता पहुंचाई जा रही है और जिसकी मॉनिटरिंग प्रदेश अध्यक्ष स्वयं कर रहे है।







