
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा-रालोद में अहम मंथन
दोनों दलों के प्रदेश नेतृत्व की लंबी रणनीतिक बैठक, संगठनात्मक समन्वय मजबूत करने पर जोर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई, जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई।
बैठक में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों, बदलते राजनीतिक परिदृश्य तथा भाजपा-रालोद के बीच संगठनात्मक समन्वय को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
दोनों नेताओं ने जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक दोनों दलों के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के बीच नियमित संवाद, सूचना के त्वरित आदान-प्रदान तथा बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने पर सहमति जताई। माना गया कि इससे एनडीए की संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियान को जमीनी स्तर पर नई गति मिलेगी।
बैठक में विशेष रूप से पूर्वांचल सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, रालोद के संगठनात्मक विस्तार तथा आगामी चुनावी रणनीति पर भी गंभीर मंथन किया गया। दोनों नेताओं ने समन्वित प्रयासों के माध्यम से गठबंधन को और अधिक प्रभावी एवं जनविश्वास के अनुरूप मजबूत बनाने पर बल दिया।
बैठक के दौरान रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने महान साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद की जयंती के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को उनकी अमर कृति गोदान भेंट की।
इस अवसर पर रालोद के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी सहित दोनों दलों के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।









