
सीएम योगी आज शामली, बिजनौर और गाजियाबाद को देंगे 2500 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को शामली, बिजनौर और गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 2,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री एक ही दिन में सात विधानसभा क्षेत्रों—शामली, कैराना, थानाभवन, बिजनौर, चांदपुर, मुरादनगर और मोदीनगर—के लोगों को विकास योजनाओं की सौगात देंगे। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे।
शामली में 581 करोड़ की 89 परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री सबसे पहले शामली पहुंचेंगे, जहां कैराना, थानाभवन और शामली विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी 581 करोड़ रुपये से अधिक की 89 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें राज्य कर विभाग का कार्यालय, कंडेला में पशु चिकित्सालय, राजकीय महिला आईटीआई सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
बिजनौर में 1003 करोड़ की 76 परियोजनाओं का शिलान्यास
इसके बाद मुख्यमंत्री बिजनौर पहुंचेंगे, जहां बिजनौर और चांदपुर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 1003 करोड़ रुपये की 76 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान महात्मा विदुर स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज, राजकीय नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास, रामबाग रोड स्थित कल्याण मंडपम का उद्घाटन करेंगे। साथ ही विदुर कुटी के समेकित पर्यटन विकास कार्य की आधारशिला भी रखेंगे।
गाजियाबाद में 868 करोड़ की 90 परियोजनाओं का लोकार्पण
शाम को मुख्यमंत्री गाजियाबाद पहुंचेंगे, जहां मुरादनगर और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 868 करोड़ रुपये से अधिक की 90 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। वह पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके अलावा 47वीं वाहिनी पीएसी की नई बैरकों, विभिन्न पेयजल योजनाओं, गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के प्रशासनिक भवन और बापूधाम पुलिस लाइन स्थित ट्रांजिट हॉस्टल सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे और प्रशासन, पुलिस तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।









