
भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को और आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रेलवे की टिकट बुकिंग वेबसाइट IRCTC का नया वर्जन लॉन्च कर दिया गया है। फिलहाल इसका बीटा वर्जन जारी किया गया है, ताकि आम यात्रियों से फीडबैक लेकर इसमें जरूरी सुधार किए जा सकें। नई वेबसाइट का उद्देश्य लाखों यात्रियों को तेज, सरल और बेहतर टिकट बुकिंग अनुभव उपलब्ध कराना है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पिछले महीने जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के दौरे के दौरान संकेत दिया था कि IRCTC की नई वेबसाइट को 15 जुलाई तक लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद 15 जुलाई 2026 की रात 9 बजे से नई बीटा वेबसाइट लाइव कर दी गई।
चार बड़े बदलावों से बदलेगा टिकट बुकिंग अनुभव
नई IRCTC वेबसाइट में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई तकनीकी बदलाव किए गए हैं। इनमें सबसे बड़ा बदलाव स्मार्ट कैप्चा सिस्टम है। अब टिकट बुकिंग या लॉगिन के दौरान यात्रियों को बार-बार मुश्किल कैप्चा भरने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा वेबसाइट को ज्यादा साफ-सुथरा बनाया गया है, जिससे अनावश्यक पॉप-अप और ध्यान भटकाने वाले ग्राफिक्स हटाए गए हैं।
दूसरा बड़ा बदलाव सीट उपलब्धता को लेकर किया गया है। अब यात्रियों को स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी जैसी अलग-अलग श्रेणियों में सीट देखने के लिए बार-बार सर्च नहीं करना पड़ेगा। सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी।
रेलवे ने फास्टर चेकआउट फीचर भी जोड़ा है। इसके तहत टिकट बुकिंग के दौरान यात्रियों को कम चरणों से गुजरना होगा। इससे टिकट बुक करने में लगने वाला समय कम होगा और खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के समय यात्रियों को फायदा मिलेगा।
इसके अलावा बार-बार यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ईजीअर रिपीट बुकिंग सुविधा शुरू की गई है। इसमें यात्रियों की जरूरी जानकारियां सेव रहेंगी, जिससे अगली बार टिकट बुक करते समय नाम, उम्र और अन्य विवरण दोबारा भरने की जरूरत नहीं होगी।
वेबसाइट के साथ बैकएंड सिस्टम में भी बदलाव
रेलवे के अनुसार, IRCTC का यह बदलाव सिर्फ वेबसाइट के डिजाइन तक सीमित नहीं है। इसके पीछे पूरे तकनीकी ढांचे को मजबूत करने की योजना है। रेलवे अपने पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी अपग्रेड कर रहा है। यह काम इसलिए चुनौतीपूर्ण है क्योंकि टिकट बुकिंग जैसी लाइव सेवा को बंद किए बिना ही पूरा सिस्टम बदला जा रहा है।
IRCTC की वेबसाइट वर्ष 2002 में शुरू हुई थी और आज यह देश के सबसे व्यस्त ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में शामिल है। वर्तमान में इसके माध्यम से रोजाना औसतन करीब 14.5 लाख ट्रेन टिकट बुक किए जाते हैं। इतने बड़े यूजर बेस को बेहतर सेवा देने के लिए सिस्टम अपग्रेड जरूरी हो गया था।
यात्रियों से मांगा जाएगा फीडबैक
बीटा वर्जन लॉन्च करने का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की राय लेना है। यात्री नई वेबसाइट का इस्तेमाल कर उसके फीचर्स, डिजाइन और बुकिंग प्रक्रिया को लेकर सुझाव दे सकते हैं। IRCTC इन सुझावों के आधार पर अंतिम वर्जन में बदलाव करेगा।
यात्री नई वेबसाइट को IRCTC के बीटा पोर्टल के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा पुरानी वेबसाइट के होमपेज पर भी नए वर्जन का लिंक उपलब्ध कराया गया है।
रेलवे का कहना है कि आने वाले कुछ हफ्तों में फीडबैक और पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन का काम पूरा होने के बाद नया IRCTC पोर्टल पूरी तरह से यात्रियों के लिए उपलब्ध करा दिया जाएगा। तब तक यात्री बीटा वेबसाइट के साथ पुराने पोर्टल से भी सामान्य टिकट बुकिंग जारी रख सकेंगे।








