
कोलकाता। भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर सराहना की है। शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें कार्यकाल के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और समाज के मार्गदर्शक हैं तथा उनके लंबे, स्वस्थ और समृद्ध जीवन की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि यह संभवतः देश के इतिहास में किसी निर्वाचित प्रधानमंत्री का सबसे लंबा लगातार कार्यकाल है। शत्रुघ्न सिन्हा की यह टिप्पणी ऐसे समय में सामने आई है जब तृणमूल कांग्रेस के भीतर कथित तौर पर 19 सांसदों के एक असंतुष्ट समूह की चर्चा चल रही है और उसमें उनका नाम भी जोड़ा जा रहा है।
हालांकि प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा के बावजूद शत्रुघ्न सिन्हा ने मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए किसी भी तरह की बगावत की अटकलों को खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह किसी बागी गुट का हिस्सा नहीं हैं और न ही कभी ममता बनर्जी का साथ छोड़ेंगे।
सिन्हा ने कहा कि राजनीतिक जीवन के कठिन दौर में ममता बनर्जी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं और वह भी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने याद दिलाया कि ममता बनर्जी के कहने पर ही उन्होंने आसनसोल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि उनके बारे में फैलाए जा रहे बागी गुट से जुड़े दावे पूरी तरह निराधार हैं। गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनता पार्टी से की थी और लंबे समय तक पार्टी के प्रमुख नेताओं तथा केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य किया। बाद में उन्होंने भाजपा छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था। अब पीएम मोदी की प्रशंसा और ममता बनर्जी के प्रति वफादारी के उनके दोहरे संदेश ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।








