
समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के पुत्र और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का मंगलवार सुबह लखनऊ में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। इस खबर के सामने आते ही समाजवादी पार्टी सहित पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रतीक यादव भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति थे। हालांकि वे सक्रिय राजनीति से दूर रहकर व्यवसाय से जुड़े हुए थे, लेकिन यादव परिवार के सदस्य होने के कारण उनकी प्रदेशभर में पहचान थी। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक, पार्टी कार्यकर्ता और विभिन्न दलों के नेता अस्पताल और आवास की ओर पहुंचने लगे।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। परिवार की ओर से अंतिम संस्कार की औपचारिकताओं को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।





