
टर्मिनल के सामने आधुनिक शैली में विकसित हो लैंडस्केपिंग
लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर प्रस्तावित लैंडस्केपिंग कार्यों के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस एयरपोर्ट पर 15 जून से फ्लाइट संचालन प्रारम्भ होने की संभावना है।
बैठक में कंसेसियनार (यापल) एवं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अधिकारियों ने भाग लिया। कंसेसियनार की ओर से उप कार्यपालक चेयरमैन क्रिस्टोफ शैलमन ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से एयरपोर्ट पर लैंडस्केपिंग की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।
प्रस्तुतीकरण के उपरांत मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सम्पूर्ण एयरपोर्ट परिसर में व्यापक स्तर पर लैंडस्केपिंग कर इसे हरा-भरा बनाया जाए। साथ ही दूसरे रनवे के क्षेत्र को भी इस योजना में शामिल किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि टर्मिनल भवन के सामने आधुनिक और आकर्षक ढंग से लैंडस्केपिंग विकसित की जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर दृश्य अनुभव मिल सके।
बैठक में नायल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह, जेवर एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी श्री शैलेन्द्र कुमार भाटिया तथा जिलाधिकारी श्रीमती मेधा रूपम ने ऑनलाइन प्रतिभाग किया। वहीं, निदेशक नागरिक उड्डयन ने लोक भवन में उपस्थित रहकर बैठक में भाग लिया।





