
वाराणसी में 24×7 विद्युत वैन सेवा शुरू, फॉल्ट सुधार होगा तेज
वाराणसी/लखनऊ — उत्तर प्रदेश में बिजली व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ए.के. शर्मा ने वाराणसी में अत्याधुनिक 24×7 विद्युत वैन का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य विद्युत फॉल्ट सुधार (Restoration Time) को न्यूनतम करना और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि ये विशेष टीमें प्रतिदिन 8-8 घंटे की तीन शिफ्टों में कार्य करेंगी, जिनमें सुपरवाइजर, लाइनमैन और हेल्पर शामिल होंगे। वैन को आधुनिक सुरक्षा उपकरणों और आवश्यक T&P किट से लैस किया गया है, जिससे हर प्रकार की तकनीकी समस्या का मौके पर ही समाधान किया जा सके।
इन वैन की प्रमुख सुविधाएं और कार्य
- हाई टेंशन (HT) लाइनों का मेंटेनेंस और ब्रेकडाउन सुधार
- ट्रांसफॉर्मर व क्रॉस आर्म का त्वरित प्रतिस्थापन
- अंडरग्राउंड व AB केबल फॉल्ट का तत्काल पता लगाना व सुधार
- टूटे या झुके बिजली खम्भों की मरम्मत/बदलाव
- पेड़ों की छंटाई कर लाइन क्लीयरेंस सुनिश्चित करना
- नियमित सर्वे कर संभावित फॉल्ट्स की पहले पहचान
- बिजली बाधित होने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर सप्लाई बहाल करना
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार उपभोक्ताओं को बेहतर और सुरक्षित बिजली सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस 24×7 आपातकालीन सेवा और प्रो-एक्टिव कार्यप्रणाली से न केवल विद्युत लाइनों की आयु बढ़ेगी, बल्कि आम जनता को बिजली कटौती से भी बड़ी राहत मिलेगी।








