
छत्तीसगढ़ में बड़ा एनकाउंटर: 7 नक्सली ढेर, 2 जवान शहीद, 1 घायल
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा–बीजापुर अंतर-जिला सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच शुक्रवार को एक बड़ा मुठभेड़ हुआ। यह ऑपरेशन DRG दंतेवाड़ा-बीजापुर, STF, CRPF और CoBRA की संयुक्त टीमों द्वारा पश्चिम बस्तर प्रभागीय क्षेत्र में चलाया गया। सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं, जिसके बाद टीमों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। लगभग एक घंटे तक चली इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 7 नक्सलियों को मार गिराया। घटनास्थल से हथियार, गोला-बारूद, वर्दी समेत भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद की गई है। मारे गए नक्सलियों में कुछ पर बड़े इनाम घोषित होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हालांकि इस सफलता के साथ सुरक्षा बलों को नुकसान भी उठाना पड़ा। मुठभेड़ के दौरान दो जवान वीरगति को प्राप्त हुए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
IG बस्तर पी. सुंदरराज ने बताया कि यह संयुक्त ऑपरेशन लंबे समय से सक्रिय नक्सलियों के खिलाफ एक बड़ी सफलता है और इस क्षेत्र में नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नक्सलवाद के पूरी तरह उन्मूलन तक ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में कॉर्डन करके आगे की तलाशी अभियान को तेज कर दिया है, ताकि किसी भी संभावित नक्सली मूवमेंट को रोका जा सके। बस्तर क्षेत्र में यह इस साल के सबसे बड़े अभियानों में से एक माना जा रहा है।









