Written by
अवध सूत्र पर बड़ी ख़बरे
यूपीपीएससी:पीसीएस-जे प्रारंभिक परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी, पांच जिलों में 12 फरवरी को होगी परीक्षा
प्रारंभिक परीक्षा प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर नगर, आगरा एवं मेरठ के विभिन्न केंद्रों में की जाएगी आयोजित
परीक्षा दो सत्रों में सुबह 9.30 से 11.30 बजे और अपराह्न 2.30 से 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी
प्रयागराज।उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक परीक्षा-2022 के लिए सोमवार को प्रवेश पत्र जारी कर दिए। प्रारंभिक परीक्षा 12 फरवरी को पांच जिलों में आयोजित की जाएगी। पीसीएस जे के ३०३ पदों पर भर्ती होनी है। इनमें अनारक्षित (सामान्य वर्ग) के लिए १२३, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए ८१, अनुचित जाति के लिए ६३, अनुसूचित जनजाति के लिए छह और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए ३० पद आरक्षित हैं। क्षैतिज आरक्षण के तहत इनमें भूतपूर्व सैनिकों के १६, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित के छह, महिला के ६० एवं दिव्यांगजन के १२ पद हैं।इन पदों के लिए आयोग ने 10 जनवरी तक आवेदन लिए थे।परीक्षा के लिए 79736 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। प्रारंभिक परीक्षा प्रयागराज, गोरखपुर, कानपुर नगर, आगरा एवं मेरठ के विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो सत्रों में सुबह 9.30 से 11.30 बजे और अपराह्न 2.30 से 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। आयोग के परीक्षा नियंत्रक अजय कुमार तिवारी के अनुसार अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।अभ्यर्थियाें को प्रवेश पत्र में अंकित परीक्षा केंद्र पर नियम तिथि एवं समय पर दो फोटो और आईडी प्रूफ की मूल एवं छायाप्रति लेकर आना है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में 30 मिनट पूर्व प्रवेश दिया जाएगा और परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले प्रवेश बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद परीक्षा केंद्र में किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रारंभिक परीक्षा में हाेगी निगेटिव मार्किंग
प्रारंभिक परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रकार के प्रश्न पूछे जाएंगे और गलत उत्तर पर निगेटिव मार्किंग होगी। पहला प्रश्नपत्र सामान्य ज्ञान का होगा, जो १५० अंकों का होगा। इसे हल करने के लिए दो घंटे का वक्त मिलेगा। दूसरा प्रश्नपत्र विधि का होगा, जो दो घंटे का होगा और यह प्रश्नपत्र ३०० अंकों का होगा।
बेसिक शिक्षा:20 फरवरी को शिक्षामित्रों का महासम्मेलन
जिले से हजारों शिक्षामित्र जाएंगे लखनऊ,ब्लॉकवार पदाधिकारियों को सौंपी जाएगी जिम्मेदारी
अयोध्या, संवाददाता। 2017 में उच्चतम न्यायालय से समायोजन निरस्त होने के बाद से समायोजन बहाली व मानदेय वृद्धि जैसी प्रमुख समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे शिक्षामित्रों का 20 फरवरी को लखनऊ में महासम्मेलन होगा। प्रदेश नेतृत्व से कार्यक्रम घोषित होने के बाद आदर्श समायोजित शिक्षक शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।दरअसल, मानदेय बृद्धि, शिक्षामित्र समायोजन बहाली, मूल विद्यालय वापसी आदि मुद्दों पर शिक्षामित्र समाधान की बाट जोह रहे है। लेकिन केंद्रीय मंत्री और बेसिक शिक्षा मंत्री का कार्यक्रम मिलने से शिक्षामित्रों की उम्मीदें एक बार फिर से जगी हैं। यह कार्यक्रम शिक्षामित्रों का भविष्य सुरक्षित करने में दिशा और दशा तय करेगा।आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रांतीय मंत्री अवनीश सिंह ने कहा कि महासम्मेलन में पूरे प्रदेश से शिक्षामित्र बड़े पैमाने में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि अस्वस्थता के बावजूद प्रांतीय अध्यक्ष जितेंद्र शाही भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। जिलाध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि यही वजह है कि जिले से 18 सौ शिक्षामित्रों को लखनऊ ले जाने की तैयारी बड़े पैमाने पर शुरू की गई है। महामंत्री रामजी द्विवेदी ने कहा कि जल्द ही जिले व ब्लॉक पदाधिकारियों को लखनऊ कार्यक्रम को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर सिंह और प्रदेश के बेसिक शिक्षामंत्री संदीप सिंह सहित अन्य विधायकों के शामिल होने की उम्मीद है।
पेंशन को जीवन प्रमाण पत्र सालभर दे सकेंगे
नई दिल्ली। पेंशनभोगियों को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने एक बड़ी राहत दी है। ईपीएफओ के मुताबिक पेंशनभोगी अब जीवन प्रमाण पत्र कभी भी जमा कर सकते हैं। यह जमा करने की तिथि से एक वर्ष के लिए मान्य होगा। पेंशनभोगियों को हर साल नवंबर में जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होता था।
असि. प्रोफेसर भर्ती में गड़बड़ी के मांगे साक्ष्य
प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 50 के तहत संस्कृत, अर्थशास्त्रत्त्, शारीरिक शिक्षा, गणित व गृह विज्ञान विषयों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के मूल्यांकन में गड़बड़ी की जांच अंतिम चरण में है।अभ्यर्थियों के अनुरोध और हाईकोर्ट में योजित याचिकाओं के क्रम में उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रो. ईश्वर शरण विश्वकर्मा ने तथ्यात्मक अन्वेषण के लिए रायबरेली के अवकाश प्राप्त जनपद न्यायाधीश राजबहादुर सिंह की अध्यक्षता में एकल जांच समिति गठित की थी।आयोग के उप सचिव डॉ. शिवजी मालवीय के अनुसार प्रश्नगत प्रकरण से संबंधित जांच के लिए यदि किसी अभ्यर्थी को अपनी बात समिति के समक्ष प्रस्तुत करनी है तो वे अपना शपथपत्र से समर्थित लिखित कथन या साक्ष्य कार्यालय कार्य अवधि में तीन फरवरी तक जमा कर सकते हैं। तीन फरवरी के बाद लिखित कथन या साक्ष्य पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
यूपी बोर्ड:726 केंद्रों पर हुई प्रायोगिक परीक्षा
प्रयागराज। यूपी बोर्ड के दूसरे चरण के दूसरे दिन 726 केंद्रों पर की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा हुई। जिला विद्यालय निरीक्षकों और 363 सेक्टर मजिस्ट्रेट ने इन केंद्रों का पर्यवेक्षण किया। यूपी बोर्ड मुख्यालय एवं पांचों क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारियों ने 90 प्रधानाचार्यों, 96 परीक्षकों तथा 144 परीक्षार्थियों से प्रयोगात्मक परीक्षा के संबंध में वार्ता की। सचिव दिब्यकांत शुक्ल के अनुसार सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षाएं नकलविहीन एवं शान्तिपूर्ण होने की सूचना मिली।
स्क्रूटनी के 20370 आवेदन, 175 हुए पास
प्रयागराज। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय ने डीएलएड (बीटीसी) के परीक्षा वर्ष 2022 की स्क्रूटनी (अंकानुसंधान) का परिणाम जारी कर दिया है। बीटीसी 2015, डीएलएड 2017, 2018, 2019 व 2021 के विभिन्न सेमेस्टर के कुल 20370 प्रशिक्षुओं ने स्क्रूटनी के लिए आवेदन किया था। इनमें से 18677 के परिणाम में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। केंद्रों से उत्तरपुस्तिका नहीं मिलने के कारण 21 प्रशिक्षुओं के परिणाम घोषित नहीं हो सके जबकि 1672 प्रशिक्षुओं के प्राप्तांक में परिवर्तन हुआ है। इनमें से मात्र 175 पास हुए हैं।
राजकीय विद्यालयों में शिक्षक भर्ती की मांग
प्रयागराज। प्रतियोगी छात्रों ने सोमवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अनु सचिव धर्मेंद्र त्रिपाठी से मुलाकात कर राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) भर्ती 2023 का विज्ञापन जल्द जारी करने और 2018 की भर्ती की प्रतीक्षा सूची जारी करने की मांग की। अभ्यर्थियों के अनुसार अनु सचिव ने अर्हता विवाद का निराकरण न हो पाने के कारण नया विज्ञापन जारी नहीं होने की बात बताई। दस दिन बाद सभी विषयों की प्रतीक्षा सूची जारी होने का भरोसा दिलाया। शिष्टमंडल में विक्की खान, कृपाशंकर निरंकारी, रमेश कुमार, राजेश कुमार बालाजी तथा अंजनी पांडेय शामिल रहे।
जीजीआईसी कटरा में प्रायोगिक परीक्षा कल से
प्रयागराज। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कटरा में इंटर की प्रायोगिक परीक्षाएं बुधवार से होंगी। प्रधानाचार्या शशिबाला चौधरी ने बताया कि एक फरवरी को गृह विज्ञान व रसायन विज्ञान, दो फरवरी को भौतिक विज्ञान व तीन फरवरी को जीव विज्ञान के प्रैक्टिकल होंगे। छात्राएं प्रैक्टिकल के लिए सुबह नौ बजे रिपोर्ट करें।
एसआई भर्ती का शारीरिक परीक्षण शुरू
प्रयागराज। दिल्ली पुलिस और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (सीएपीएफ) में सब इंस्पेक्टर भर्ती 2022 के लिए शारीरिक परीक्षण सोमवार को आईटीबीपी परिसर बमरौली में शुरू हो गया जो दस फरवरी तक चलेगा। शारीरिक परीक्षण के पहले दिन 300 अभ्यर्थियों में से 192 उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर हुआ व्याख्यान
प्रयागराज। सीएमपी डिग्री कॉलेज के प्राचीन इतिहास विभाग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति – स्वाधीनता से स्वतंत्रता की ओर विषय पर विशेष व्याख्यान सोमवार को हुआ। मुख्य वक्ता प्रो. योगेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्वर को ध्यान में रखे बिना कोई तंत्र उपयोगी नहीं हो सकता। अतिथियों का स्वागत डॉ. अर्चना श्रीवास्तव तथा संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डा. भावना चौहान ने किया। इस अवसर पर डॉ. नीता सिन्हा, डॉ. सत्यमवदा सिंह, डॉ. भूपेश त्रिपाठी, डॉ.आभा त्रिपाठी, डॉ. नीरज सिंह, डॉ. विजयलक्ष्मी, डॉ. दीप्ति विष्णु, डॉ. मनीष सिंह, डॉ. अनंत सिंह, डॉ. हरीश कुमार सिंह आदि मौजूद
एनजीबीयू की परीक्षाएं आज से
प्रयागराज। नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश तिवारी के अनुसार विषम सत्रक परीक्षा 2022-23 मंगलवार यानी 31जनवरी से शुरू होगी। समय सारणी पूर्व में ही घोषित कर दी गई है। परीक्षा दो पालियों होगी। यह परीक्षा 28 फरवरी तक चलेंगी। विस्तृत सूचना एवं समय सारणी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट www. ngbv. ac. in का अवलोकन करें।
एमएलसी की पांच रिक्त सीटों पर शांतिपूर्ण मतदान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की पांच रिक्त सीटों पर सोमवार को मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ।स्नातक खण्ड स्नातक क्षेत्र की गोरखपुर-फैजाबाद, कानपुर, बरेली-मुरादाबाद, शिक्षक खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की इलाहाबाद-झांसी और कानपुर सीट पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे के बीच मतदान हुआ। सबसे अधिक 75.86 प्रतिशत मतदान इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में हुआ। गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सर्वाधिक 60.09 फीसदी मतदान बलरामपुर में हुआ, जबकि सबसे कम मतदान गोरखपुर जिले में 33.83 फीसदी हुआ। अम्बेडकरनगर में 53.92 फीसदी मतदान रहा।यह सीटें गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड स्नातक क्षेत्र से देवेन्द्र प्रताप सिंह, कानपुर खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अरुण पाठक, बरेली-मुरादाबाद खण्ड स्नातक क्षेत्र से डा.जयपाल सिंह व्यस्त, इलाहाबाद-झांसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सुरेश कुमार त्रिपाठी और कानपुर खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राज बहादुर सिंह चंदेल का कार्यकाल समाप्त होने की वजह से रिक्त हुई हैं।
पढ़ाई संग छात्रों की हॉबी भी निखारेगा सीएसजेएमयू
कानपुर। सीएसजेएमयू में अब पढ़ाई संग छात्र-छात्राओं की हॉबी को भी निखारा जाएगा। इसके लिए दाखिले के समय ही छात्रों से उनकी रुचि को आवेदन पत्र में भरवाएगा। इसके बाद इनका दाखिला कोर्स के अलावा संबंधित क्लब में कराया जाएगा। छात्रों को पढ़ाई के साथ क्लब में भी प्रदर्शन करना होगा।
विवि ने सामान्य के साथ वोकेशनल कोर्स शुरू करने के बाद अब छात्रों की हॉबी को भी निखारने की तैयारी की है। कुलपति प्रो.विनय कुमार पाठक ने इसके लिए कैंपस में पहले ही आठ क्लब स्थापित कर दिए हैं। छात्रों की रुचि के मुताबिक अगर कोई क्लब कैंपस में उपलब्ध नहीं होगा तो उसका गठन किया जाएगा।विवि के मीडिया प्रभारी डॉ.विशाल शर्मा ने बताया कि जल्द नए दाखिले में हॉबी प्रक्रिया को जोड़ने के लिए विवि कमेटी गठित कर प्रस्ताव तैयार कर रहा है। अब विवि कैंपस में भी आईआईटी की तरह छात्र-छात्राएं अपनी रुचि के मुताबिक एक्टिविटी में हिस्सा लेंगे।
बीएड व एमएड में आठ तक करें चेक-इन
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित बीएड व एमएड पाठ्यक्रम में प्रवेश पंजीकरण की अंतिम तिथि छह फरवरी है। आठ तक छात्रों को चेक-इन प्रक्रिया करनी होगी।
रोडवेज बस का सफर 25 पैसे प्रति किमी महंगा, सप्ताह भर में लागू हो सकता है बढ़ा हुआ किराया
लखनऊ रोडवेज बसों के किराए में 25 पैसे प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी की गई है। राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) की सोमवार को हुई बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लग गई। नया किराया सप्ताह भर में लागू होने की उम्मीद है। बैठक में ऑटो व टेंपो का किराया बढ़ाने की भी अनुमति दी गई जबकि, पूर्वांचल व आगरा-नोएडा एक्सप्रेसवे पर बसों के परमिट संबंधी प्रस्ताव को टाल दिया गया।नया किराया लागू होने के बाद लखनऊ से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को 125 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। प्रयागराज का किराया 252 से बढ़कर 304 रुपये हो जाएगा। गोरखपुर के लिए 367 की जगह 443 रुपये देने होंगे। नया किराया लागू होने के बाद रोडवेज को करीब 30 करोड़ रुपये सालाना का मुनाफा होगा। बैठक में मिली अनुमति के अनुसार ऑटो व टेंपो में पहले किमी के लिए यात्री को 10.58 रुपये देने होंगे। इसके बाद प्रति आधा किमी 3.40 रुपये देना होता है।
फीस वृद्धि के खिलाफ छात्रों ने महापंचायत में भरी हुंकार
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि के विरोध में सोमवार को छात्रसंघ भवन पर महापंचायत बुलाई गई। पांच सूत्री प्रस्ताव महापंचायत में सर्व सम्मति से पास हुआ। इसे लेकर छात्र 21 फरवरी को अखिल भारतीय छात्रनेता सम्मेलन का आयोजन करेंगे।इविवि में हुई 400% फीस वृद्धि, छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर महात्मा गांधी की शहादत दिवस पर आयोजित छात्र महापंचायत में एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन को पूर्ण समर्थन और हमने आपकी बात गृहमंत्री तक पहुंचाई, उन्होंने इसे गंभीरता से लिया हैं। छात्रनेता सत्यम कुशवाहा ने पांच सूत्री प्रस्ताव रखा जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इसमें 400 प्रतिशत फीस वृद्धि एवं हॉस्टल की बढ़ी फीस पर निंदा प्रस्ताव पास किया। महापंचायत में तय हुआ कि फीस वृद्धि के खिलाफ और छात्रसंघ बहाली के लिए 5 से 15 फरवरी छात्र जागरूकता अभियान चलेगा, विश्वविद्यालय प्रशासन को हर फैकल्टी में कैंटीन के लिए 15 फरवरी तक का अल्टीमेटम, 24×7 लाइब्रेरी के लिए 15 से 17 फरवरी तक अभियान चलेगा, 21 फरवरी को आयोजित होगा अखिल भारतीय छात्रनेता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर प्रवेश मिश्र, मयंक शुक्ल, आदित्य कुमार,अनुज मौर्य, नीरज प्रताप सिंह, सूरजभान सिंह, वेदप्रकाश सिंह, इंद्रजीत मौर्य, आदर्श भदौरिया, आयुष प्रियदर्शी, मसूद , मुकेश कुमार, डॉ आदित्य सिंह, हिमांशु पचौरी,आशुतोष पाल, हरिओम त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
यूपी बोर्ड: दूसरे चरण की प्रायोगिक परीक्षा शुरू, जल्द जारी हो सकते हैं 10वीं, 12वीं के एडमिट कार्ड
नई दिल्ली यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा 2023 के लिए प्रायोगिक परीक्षा का दूसरा चरण रविवार से शुरू हो गया। दूसरे चरण के लिए विभिन्न विषयों के 8,770 परीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। पहले दिन कुल 300 केन्द्रों पर परीक्षा कराई गई। विभिन्न जनपदों में नियुक्त 813 सेक्टर मजिस्ट्रेट में से 253 ने भ्रमण कर पर्यवेक्षण किया।इसके अलावा यूपी बोर्ड मुख्यालय एवं पांचों क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारियों ने 126 प्रधानाचार्यों, 108 परीक्षकों तथा 101 परीक्षार्थियों से प्रयोगात्मक परीक्षा के सम्बन्ध में वार्ता की। सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने बताया कि सभी केन्द्रों पर परीक्षाएं नकलविहीन एवं शान्तिपूर्ण सम्पादित हुई।
जल्द जारी हो सकते हैं एडमिट कार्ड:
आपको बता दें कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की वार्षक परीक्षा 16 फरवरी से शुरू होगी। 10वीं की परीक्षा 3 मार्च तक चलेगी तो इंटर की परीक्षा भी 4 मार्च 2023 तक पूरी हो जाएंगी। ऐसे में अब हाईस्कूल और इंटर के छात्रों को बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी होने का इंतजार है। उम्मीद है कि फरवरी से पहले सप्ताह में सभी परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। छात्रों को एडमिट कार्ड उनके संबंधित स्कूलों से प्रधानाचार्य की मुहर व हस्ताक्षर के साथ दिए जाएंगे।
एक दिन में ही बरसा महीने भर का पानी, बढ़ा ठंड का असर; प्रदूषण से भी मिली राहत
नई दिल्ली:राजधानी दिल्ली में एक दिन में ही जनवरी महीने में आमतौर पर होने वाली बारिश के बराबर पानी बरस गया। इसके चलते मौसम में ठंड का असर बढ़ा है और लोगों को प्रदूषित हवा से भी खासी राहत मिली है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि रविवार की सुबह साढ़े आठ बजे से लेकर सोमवार की सुबह साढ़े आठ बजे तक दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। जबकि, आमतौर पर दिल्ली में जनवरी के महीने में 21.7 मिलीमीटर बारिश होती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते लगभग चौबीस घंटे के भीतर ही महीने भर के बराबर बारिश हो गई है।दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में सोमवार की सुबह भी घने बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ ही आसमान साफ हो गया। लेकिन, एक बड़े क्षेत्र में हुई इस बारिश के चलते ठंड का असर बना हुआ है। दिल्ली के सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है जो कि सामान्य से तीन डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से एक डिग्री ज्यादा है। यहां पर आर्द्रता का स्तर 100 से 77 फीसदी तक रहा।
तीन दिन चलेंगी तेज हवाएंः
दिल्ली में अगले तीन दिनों के दौरान हवा की गति तेज रहने का अनुमान किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक हवा की दिशा उत्तरी पश्चिमी होगी और इसकी गति 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रह सकती है। जबकि, अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 व न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ परीक्षाः जोश से दौड़े तो 1051 अभ्यर्थी हुए सफल
प्रयागराज:रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) प्रयागराज की नान टेक्निकल पापुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) के लेवल वन की शारीरिक दक्षता की परीक्षा में सोमवार को अभ्यर्थी कुछ ज्यादा जोश से दौड़ में शामिल हुए। दूसरे चरण के तीसरे दिन वजनी बोरी लेकर दौड़ने वाले कम ही युवा फेल हुए। सोमवार को सफल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या ठीक रही।1600 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया जिसमें 1051 सफल रहे। कई दिनों से चल रही परीक्षा में सोमवार का आंकड़ा सबसे ज्यादा है। डीएसए मैदान पर सोमवार को 1600 परीक्षार्थियों को बुलाया गया था। इसमें 1414 परीक्षार्थी शामिल हुए जबकि 186 अनुपस्थित रहे। 363 अभ्यर्थी सवा चार मिनट एक किमी की दौड़ पूरी नहीं कर सके। अगर अनुपस्थित रहने वाले और दौड़ पूरी न करने वालों की संख्या जोड़ दें तो तीसरे दिन 549 चयन प्रक्रिया से बाहर हो गए।कुल 1051 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इन्हें अब शैक्षिक अभिलेखों के सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। 15 फरवरी से सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होगी। दूसरे चरण के तीन दिन के परिणाम को संयुक्त रूप से देखें तो अब तक 3,045 अभ्यर्थी दौड़ में पास हो चुके हैं। जबकि 996 अभ्यर्थी दौड़ में फेल हो गए हैं।
यूपी बोर्ड : परीक्षार्थियों को जल्द मिलेंगे प्रवेश पत्र
प्रयागराज। 16 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्र-छात्राओं को जल्द उनके प्रवेश पत्र मिल जाएंगे। यूपी बोर्ड के पांचों क्षेत्रीय कार्यालयों प्रयागराज, मेरठ, वाराणसी, बरेली और गोखपुर को प्रवेश पत्र प्राप्त हो चुके हैं और पैकिंग का काम शुरू हो गया है। मंगलवार से विभिन्न जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालयों को प्रवेश पत्र, नॉमिनल रोल, ओएमआर शीट, केंद्र सूची, अवार्ड ब्लैंक, उपस्थिति पत्रक आदि भेजा जाएगा। जल्द ही प्रवेश पत्र ई-मेल से स्कूलों के प्रधानाचार्यों को भी भेज दिए जाएंगे। प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय की अपर सचिव विभा मिश्रा ने बताया कि प्रवेश पत्र आदि की पैकिंग हो रही है। मंगलवार से जिलों को भेजा जाएगा।
कोई परेशानी हो तो हेल्पलाइन से करें संपर्क
प्रवेश पत्र संबंधी कोई परेशानी होने पर परीक्षार्थी बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। मेरठ 0121-2660742/9454457256, बरेली 0581-2576494, प्रयागराज 0532-2423265/9838510862, वाराणसी 0542-2509990, गोरखपुर 0551-2205271 और मुख्यालय 18001805310/18001805312 के नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती मूल्यांकन में गड़बड़ी के मांगे साक्ष्य
प्रयागराज। अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 50 के तहत संस्कृत, अर्थशास्त्र, शारीरिक शिक्षा, गणित व गृह विज्ञान विषयों के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के मूल्यांकन में गड़बड़ी की जांच अंतिम चरण में है। अभ्यर्थियों के अनुरोध और हाईकोर्ट में योजित याचिकाओं के क्रम में उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग के अध्यक्ष प्रो. ईश्वर शरण विश्वकर्मा ने तथ्यात्मक अन्वेषण के लिए रायबरेली के अवकाश प्राप्त जनपद न्यायाधीश राजबहादुर सिंह की अध्यक्षता में एकल जांच समिति गठित की थी।आयोग के उप सचिव डॉ. शिवजी मालवीय के अनुसार प्रश्नगत प्रकरण से संबंधित जांच के लिए यदि किसी अभ्यर्थी को अपनी बात समिति के समक्ष प्रस्तुत करनी है तो वे अपना शपथपत्र से समर्थित लिखित कथन या साक्ष्य कार्यालय कार्य अवधि में तीन फरवरी तक जमा कर सकते हैं। तीन फरवरी के बाद लिखित कथन या साक्ष्य पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। विज्ञापन संख्या 50 के मूल्यांकन में गड़बड़ी के कारण पांच विषयों के 20 से अधिक चयनित अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।हाईकोर्ट के आदेश पर आयोग संशोधित परिणाम भी जारी कर चुका है। हालांकि संशोधित परिणाम को लेकर भी कोर्ट में याचिकाएं दायर हैं और आगे की प्रक्रिया पर रोक लगी हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर परिणाम में गड़बड़ी के दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।
इविवि छात्रों की पहली पंसद एसएसएल
प्रयागराज:देश को तमाम आईएएस, पीसीएस और न्यायिक अधिकारी देने वाले इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सर सुंदर लाल छात्रावास (एसएसएल) नव प्रवेशियों की पहली पंसद है। इसकी बानगी सोमवार को देखने को मिली। एसएसएल हॉस्टल में प्रवेश के लिए आवेदन जमा करने के लिए आखिरी दिन सोमवार को स्नातक के नवप्रवेशियों की भारी भीड़ उमड़ी।हॉस्टल के अधीक्षक डॉ. संतोष सिंह ने बताया कि सोमवार को 490 छात्रों ने आवेदन जमा किया है। नए सत्र में यूजी के 120 छात्रों को हॉस्टल में कमरे दिए गए। इसके सापेक्ष अब तक एक हजार से ज्यादा फार्म आए हैं। आए हुए आवेदनों की स्क्रीनिंग के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी। कमेटी कटऑफ तय कर इसी सप्ताह में रिजल्ट जारी करेगी। इसके बाद हॉस्टल में आवंटन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।डॉ. सिंह ने बताया कि हॉस्टल में अंत:वासियों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिता, प्रत्येक शुक्रवार को संगोष्ठी आयोजित की जाती है। इससे छात्रों को सीखने के अवसर मिलते है। साथ ही पुरा छात्रों की ओर से टिप्स भी दिए जाते हैं।
एकेटीयू कुलपति के खिलाफ राजभवन ने बैठाई जांच, विभिन्न स्तरों पर अनियमितता की मिली थी शिकायत
अवध सूत्र ब्यूरो, लखनऊ:डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) का विवादों से नाता छूटता नहीं दिख रहा है। राजभवन ने विभिन्न स्तरों पर मिली अनियमितताओं की शिकायत का संज्ञान लेते हुए कुलपति प्रो. पीके मिश्रा के खिलाफ जांच बैठा दी है। इसके बाद से एक बार फिर से विश्वविद्यालय चर्चा में आ गया है।प्रमुख सचिव राज्यपाल कल्पना अवस्थी की ओर से जारी आदेश के अनुसार एकेटीयू में कथित रूप से विभिन्न स्तरों पर की गई अनियमितताओं के संबंध में कुछ लोगों से शिकायत मिली है। इसके तथ्यान्वेषण को राज्यपाल व कुलाधिपति के आदेश के क्रम में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अवकाश प्राप्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति एसएन अग्निहोत्री को प्रारंभिक जांच करने हुए जांच न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इस बारे में प्रमुख सचिव ने कुलपति व कुलसचिव को जांच में सहयोग करने को भी कहा है।यह भी निर्देश दिया गया है कि विवि अधिकारी जांच न्यायाधीश द्वारा अपेक्षित दस्तावेजों, विवि के अधिकारियों, शिक्षकों व कर्मचारियों को साक्षी के रूप में निर्धारित तिथि व समय पर जांच न्यायाधीश के सामने प्रस्तुत करवाया जाना सुनिश्चित करेंगे। इसका जांच स्थल राजभवन होगा। माना जा रहा है कि पिछले दिनों पूर्व परीक्षा नियंत्रक प्रो. अनुराग त्रिपाठी द्वारा की गई शिकायत और आईईटी निदेशक प्रो. विनीत कंसल को हटाने समेत संबद्धता आदि कई मामलों को लेकर पिछले दिनों पत्राचार किए गए हैं। जिसके बाद राजभवन ने यह जांच कमेटी बनाई है।
मैंने हमेशा संस्थान और प्रदेश हित में काम किया और निर्णय लिया है। आगे भी यह काम करता रहूंगा। जांच न्यायाधीश का पूरा सहयोग करूंगा। -प्रो. पीके मिश्रा, कुलपति, एकेटीयू
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ:6200 से ज्यादा ने पूरी कर ली रेस, अब 15 फरवरी को होगी प्रमाणपत्रों की जांच
अवध सूत्र नेटवर्क, प्रयागराज:रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) प्रयागराज की नान टेक्निकल पापुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) के लेवल वन की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) अब तक 6200 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने पास कर ली है। इन सभी के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन अब 15 फरवरी से शुरू होगा।इस बीच बुधवार एक फरवरी को लेवल वन (पूर्व में पद नाम ग्रुप डी) की शारीरिक दक्षता की परीक्षा में महिला अभ्यथीZ शामिल होंगी। इस दौरान महिला अभ्यर्थियों को 20 किलो का वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी तय करनी होगी।वहीं दूसरी ओर सोमवार को 1600 अभ्यर्थियों को पीईटी के लिए बुलाया गया। इस दौरान 1414 अभ्यथी्र ही वहां पीईटी के पहुंचे। उधर सोमवार को सर्वाधिक 1051 अभ्यर्थियों ने पीईटी पास कर लिया। यह अब की सर्वाधिक संख्या रही। ओवर ऑल अब तक 6266 अभ्यर्थी पीईटी पास कर चुके हैं।सोमवार को 363 अभ्यर्थी सवा चार मिनट एक किमी की दौड़ पूरी नहीं कर सके, जबकि 186 अनुपस्थित रहे। इन दोनों ही संख्या को जोड़ लिया जाए तो दूसरे चरण के तीसरे दिन 549 चयन प्रक्रिया से बाहर हो गए। फिलहाल दूसरे चरण के तीन दिन के परिणाम में अब तक 3,045 अभ्यर्थी दौड़ में पास हो चुके हैं, जबकि पहले चरण में 3221 ने पीईटी में सफल हुए।








