
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को मेरठ पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इस दौरान सीएम योगी ने सैनिकों के योगदान, राष्ट्रभक्ति, कानून-व्यवस्था और प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। सेना से रिटायर होने के बाद भी देश और समाज के प्रति उसका योगदान जारी रहता है। जब कोई सैनिक अपने गांव लौटता है तो वह वहां के लोगों के लिए प्रेरणा बनता है।
सैनिकों का योगदान हमेशा रहेगा याद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश वीरों की भूमि है। यहां के वीरों ने हमेशा देश की रक्षा और सम्मान के लिए अपना योगदान दिया है। सैनिकों का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति का संकल्प कभी नहीं बदलता। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद भी सैनिक समाज को दिशा देने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने का काम करता है।
‘पहले कट्टे से होती थी मेरठ की पहचान’
सीएम योगी ने मेरठ की बदलती तस्वीर का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय था जब मेरठ की पहचान कट्टे से होती थी, लेकिन अब शहर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले यहां माफिया राज था, जबकि अब कानून-व्यवस्था में सुधार के साथ विकास को गति मिली है। मेरठ में मेट्रो का संचालन भी शहर की बदलती पहचान का उदाहरण है।
किसानों को लेकर भी बोले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि पहले किसानों को खाद के लिए लंबी-लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता था। किसान अपने ही खेत में जाने से डरता था। उन्होंने दावा किया कि अब गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान किया जा रहा है। सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए काम कर रही है।
डबल इंजन सरकार में विकास को मिली रफ्तार
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश में विकास के साथ सुरक्षित माहौल को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था मजबूत होने से ही समाज और अर्थव्यवस्था का विकास संभव है।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री ने उनके योगदान को याद किया और कहा कि देश के लिए उनका समर्पण हमेशा प्रेरणादायक रहेगा।








