रांची। झारखंड में सिनेमा की दुनिया को एक नई कहानी मिलने जा रही है। जॉम्बीज पर आधारित हिंदी हॉरर फिल्म ‘फायरफ्लाइज’ का मुहूर्त रांची में संपन्न हुआ। रहस्य, रोमांच और डर से भरपूर इस फिल्म की पूरी शूटिंग रांची और आसपास के इलाकों में की जाएगी। फिल्म की कहानी अपने अनोखे कथानक और चौंकाने वाले मोड़ों के जरिए दर्शकों को रोमांचित करने का प्रयास करेगी। ‘फायरफ्लाइज’ की कहानी दो अलग-अलग समूहों के जॉम्बीज में बदलने की घटनाओं के इर्द-गिर्द बुनी गई है। कहानी में एक सामान्य परिवार भी है, जिस पर शुरुआत में किसी को शक नहीं होता। लेकिन जैसे-जैसे घटनाएं आगे बढ़ती हैं, रहस्य गहराता जाता है और अंत में इस परिवार का जॉम्बीज से जुड़ा चौंकाने वाला सच सामने आता है। कहानी का यही रहस्यमय पहलू फिल्म को दिलचस्प बनाता है। फिल्म का निर्देशन ब्लैकबर्न कर रहे हैं, जबकि अंकित गुप्ता और रौनक गुप्ता इसके निर्माता हैं। फिल्म का निर्माण कास्टिंगफ्लिक्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले किया जा रहा है। फिल्म में श्रुति राज लक्ष्मी और राजेश सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा सुमन सिंह, दीपक चौधरी सहित कई अन्य कलाकार भी अहम किरदार निभाएंगे। फिल्म में शामिल कई कलाकार रांची के चर्चित चेहरे हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर स्थानीय कला जगत में पहचान बनाई है। फिल्म के मुहूर्त समारोह में झारखंड फिल्म बोर्ड के सक्रिय सदस्य सुजीत उपाध्याय भी मौजूद रहे। उन्होंने फिल्म से जुड़े युवा कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और उनके प्रयासों की सराहना की। स्थानीय कलाकारों की भागीदारी और झारखंड में ही पूरी शूटिंग की योजना से इस फिल्म को राज्य के फिल्म जगत के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। अब दर्शकों को इस बात का इंतजार रहेगा कि ‘फायरफ्लाइज’ की रहस्यमयी दुनिया बड़े पर्दे पर किस तरह सामने आती है और झारखंड की लोकेशन फिल्म की कहानी को कितना खास बनाती है।








