
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिड-डे मील रसोइयों के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। सरकार ने रसोइयों के मानदेय में बढ़ोतरी के साथ-साथ ड्रेस भत्ता और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को भी बढ़ाने का फैसला किया है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों रसोइयों को सीधा लाभ मिलेगा।
सीएम योगी के ऐलान के मुताबिक, अब मिड-डे मील रसोइयों का मानदेय 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 हजार रुपये कर दिया गया है। यानी रसोइयों के मासिक मानदेय में 1 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही ड्रेस के लिए मिलने वाला भत्ता भी दोगुना कर दिया गया है। पहले रसोइयों को ड्रेस भत्ते के रूप में 500 रुपये मिलते थे, जिसे बढ़ाकर अब 1000 रुपये कर दिया गया है।
सरकार ने रसोइयों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर भी अहम घोषणा की है। उन्हें कैशलेस हेल्थ कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने का ऐलान किया गया है। इसके अलावा रसोइयों को बीमा सुरक्षा भी दी जाएगी। सरकार के मुताबिक, मिड-डे मील रसोइयों को 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइयों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके हितों को ध्यान में रखते हुए ये फैसले किए हैं। सरकार का कहना है कि रसोइये स्कूलों में बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाते हैं और उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
मानदेय में बढ़ोतरी, ड्रेस भत्ते को दोगुना करने और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं के ऐलान के बाद मिड-डे मील रसोइयों में खुशी का माहौल है। सरकार के इन फैसलों को रसोइयों के आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।







