
नोएडा के मामूरा क्षेत्र में एक जी+4 आवासीय भवन में इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग के दौरान हुई स्पार्किंग से भीषण आग लग गई। आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर पर लगी, जहां वाहन पार्क किए गए थे। स्पार्क के बाद आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों ने भी आग पकड़ ली, जिससे कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं और आग की चपेट में आ गया।
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य शमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त अभियान चलाकर आग पर काबू पाया गया और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, भवन में करीब 50 परिवार रह रहे थे। बचाव अभियान के दौरान सभी लोगों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया। हालांकि धुएं से प्रभावित दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया गया।
एडिशनल सीपी लॉ एंड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि भवन जी+4 था और ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग बनी हुई थी। प्रत्येक मंजिल पर लगभग 12 परिवार निवास कर रहे थे। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान हुई स्पार्किंग सामने आया है।
पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में थाना फेज-3 में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। भवन मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आग पूरी तरह बुझा दी गई है और सभी फंसे हुए लोगों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया। मामले की जांच जारी है तथा आग लगने के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।








