
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिससे लोगों को बारिश का इंतजार करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार बुधवार को राजधानी में आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा, लेकिन व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसून ट्रफ दिल्ली के ऊपर सक्रिय नहीं है, जिसके कारण बारिश की गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। हालांकि 18 और 19 जुलाई के आसपास हल्की बारिश होने के संकेत हैं, जिससे मौसम में कुछ राहत मिल सकती है।
आईएमडी के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक था। पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन इससे तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आया।
इस दौरान न्यूनतम तापमान 24 से 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। पालम क्षेत्र में दोपहर के समय हवा की गति 33 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। अधिकतम आर्द्रता 76 प्रतिशत और न्यूनतम 47 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे उमस का असर और बढ़ गया।







