
लखनऊ में कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई यूपीटीईटी-2026 परीक्षा, डीएम व संयुक्त पुलिस आयुक्त ने किया निरीक्षण
लखनऊ, 2 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET-2026) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला अधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण की शुरुआत नबीउल्लाह रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (छोटी जुबली) से हुई। इसके बाद अधिकारियों ने शाहमीना रोड स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को शासन एवं परीक्षा नियामक प्राधिकरण के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा कक्षों में प्रवेश व्यवस्था, अभ्यर्थियों की पहचान एवं बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, स्ट्रॉन्ग रूम व्यवस्था तथा परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए।
जिले में यूपीटीईटी-2026 की परीक्षा 46 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जिसमें 96,454 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा की निगरानी स्मार्ट सर्विलांस प्रणाली एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार की जा रही है।
शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए 46 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 46 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है तथा जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम से परीक्षा की लगातार निगरानी की जा रही है।









