
कानपुर और बुंदेलखंड को बड़ी सौगात: 7,145 करोड़ रुपये से बनेगा 118 किमी लंबा कानपुर-कबरई एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे
नई दिल्ली/लखनऊ। केंद्र सरकार ने कानपुर और बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 118 किलोमीटर लंबे कानपुर-कबरई हाईवे के निर्माण को मंजूरी दे दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लगभग 7,145 करोड़ रुपये की लागत से NH-34 के कानपुर-कबरई सेक्शन को 4/6 लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे के रूप में विकसित करने की स्वीकृति प्रदान की है। यह परियोजना कानपुर-भोपाल इकॉनमिक कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
परियोजना के अंतर्गत आधुनिक ग्रीनफील्ड कॉरिडोर, बड़े पुल, रेलवे ओवरब्रिज, इंटरचेंज और सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की सड़क अवसंरचना और अधिक सुदृढ़ होगी।
हाईवे के निर्माण के बाद कानपुर से कबरई तक का यात्रा समय वर्तमान लगभग साढ़े तीन घंटे से घटकर करीब डेढ़ घंटे रह जाएगा। इससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुगम सफर मिलेगा। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने, रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलने और यातायात व्यवस्था में सुधार की भी उम्मीद है।
बेहतर कनेक्टिविटी से ईंधन की बचत होगी, परिवहन लागत घटेगी और माल ढुलाई की गति बढ़ेगी, जिससे उद्योग, व्यापार, कृषि और बुंदेलखंड क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को नई मजबूती मिलेगी।








