
किश्तवाड़ में सेना की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन त्राशी-I’ में जैश के 3 आतंकी ढेर
किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर)। आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियान में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। इंडियन आर्मी में जम्मू कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस फोर्स के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाते हुए किश्तवाड़ जिले में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों को मार गिराया।
अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन त्राशी-I’ के तहत खुफिया सूचना मिलने पर इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान छिपे आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों आतंकी ढेर हो गए।
मारे गए आतंकियों में जैश का वरिष्ठ कमांडर सैफुल्ला भी शामिल है, जिस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। अन्य दो आतंकियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
मुठभेड़ स्थल से दो AK-47 राइफलें और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।
सुरक्षा एजेंसियों ने इसे आतंकवाद के नेटवर्क पर बड़ी चोट बताया है। अधिकारियों का कहना है कि घाटी में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।









