
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों कांग्रेस और आरजेडी पर बड़ा हमला बोला। छपरा में आयोजित एनडीए की रैली में मोदी ने कहा कि “कांग्रेस और राजद का मकसद बिहार का भला नहीं, बल्कि नुकसान करना है। ये लोग बिहारियों को गाली देने वालों को अपने प्रचार अभियान में बुला रहे हैं। बड़ी साजिश चल रही है, लेकिन बिहार की जनता सब समझ रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि “ये वही लोग हैं जिन्होंने बिहार को पिछड़ा दिखाने की साजिश रची थी। अब वही लोग बिहार में वोट मांगने आए हैं। जिनके मुंह से कभी बिहारियों के लिए अपमानजनक शब्द निकले, आज कांग्रेस-राजद उन्हें गले लगा रहे हैं। क्या बिहार की जनता इन्हें माफ करेगी? मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की पटरी पर लाने के लिए लगातार काम किया है। “बिजली, सड़क, गैस कनेक्शन, घर — हर सुविधा आज बिहार के हर गांव तक पहुंच चुकी है। लेकिन कांग्रेस और राजद की सरकारों ने बिहार को अंधकार, अपराध और पलायन की राजनीति दी थी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के गठबंधन का मकसद सिर्फ “जात-पात की राजनीति” करना है, जबकि एनडीए का लक्ष्य है “विकास की राजनीति”। मोदी बोले — “बिहार का बेटा आज खुद निर्णय ले रहा है, किसी बाहरी या साजिश करने वाले को अब मौका नहीं मिलने वाला।”प्रधानमंत्री ने युवाओं और पहली बार वोट डालने वालों से अपील करते हुए कहा कि “आपका वोट बिहार की नई सोच तय करेगा। अब यह तय करना है कि बिहार आगे बढ़ेगा या फिर अपराध और भ्रष्टाचार के पुराने रास्ते पर लौट जाएगा।”
‘कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन से सावधान रहें’
मोदी ने कहा कि कांग्रेस और राजद ने सिर्फ सत्ता के लिए गठबंधन किया है। “ये लोग बिहार के विकास को रोकना चाहते हैं। जब भी बिहार आगे बढ़ता है, ये लोग उसे पीछे खींचने लगते हैं। ये बिहार के खिलाफ साजिश है।”





