Responsive Menu

Download App from

Download App

Follow us on

Donate Us

युवाओं के साथ मुख्यमंत्री ने निकाली ‘तिरंगा यात्रा’, राष्ट्र प्रथम के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]
Author Image
Written by
Bureau Report

युवाओं के साथ मुख्यमंत्री ने निकाली ‘तिरंगा यात्रा’, राष्ट्र प्रथम के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत युवाओं के साथ तिरंगा यात्रा’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी सादगी, विकास, विरासत और भारत के गौरव का प्रतीक है। यह यात्रा देश के महान क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत माता के महान सपूतों, संविधान निर्माताओं डॉ. राजेंद्र प्रसाद, बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल सहित उन सभी वीर सपूतों को नमन करना हमारा दायित्व है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। स्वतंत्र भारत की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को भी उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Advertisement Box

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का अपमान गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। भारत में रहते हुए राष्ट्रीय प्रतीकों और महापुरुषों का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता।

काकोरी ट्रेन एक्शन के शहीदों को भी किया नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 कई दृष्टियों से महत्वपूर्ण है। देशभर में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। साथ ही काकोरी ट्रेन एक्शन की शताब्दी वर्ष की स्मृतियां भी हमारे सामने हैं। वर्ष 1925 में पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह और अशफाक उल्ला खां जैसे क्रांतिकारियों ने काकोरी की ऐतिहासिक कार्रवाई के माध्यम से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी थी।

उन्होंने कहा कि आज की तिरंगा यात्रा उन सभी क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र को आगे बढ़ाने का संकल्प है।

हर युवा के लिए प्रेरणा है तिरंगा यात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा भारत के प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणा है। युवा देश की ऊर्जा, प्रतिभा और सामर्थ्य का प्रतीक हैं तथा उनमें हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने भविष्य के साथ-साथ देश और समाज की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकें।

उन्होंने बताया कि राजधानी लखनऊ में लगभग 25 से 30 हजार युवाओं ने तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। प्रतिभागियों ने ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘तेरा वैभव अमर रहे, हम चार दिन रहें न रहें’ जैसे राष्ट्रभक्ति के संकल्पों के साथ देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

हर घर तिरंगा अभियान में घर-घर फहराएं तिरंगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश आगामी 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। इससे पहले निकाली गई यह तिरंगा यात्रा ‘हर घर तिरंगा’ के संकल्प का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक भारतीय को अपने घर पर तिरंगा फहराने का अवसर और अधिकार दिया है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद राष्ट्रीय ध्वज को अपने घर पर फहराने के लिए पहले अनुमति की आवश्यकता होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री के प्रयासों से अब प्रत्येक भारतीय अपने घर पर राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक तिरंगे को सम्मानपूर्वक फहरा सकता है। तिरंगा यात्रा इसी स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव की भावना का प्रतीक है।

‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को मजबूत करने का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रगान, राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान और गौरव की भावना होनी चाहिए। प्रधानमंत्री के ‘राष्ट्र प्रथम’ के मंत्र के अनुरूप युवाओं, गरीबों, महिलाओं और अन्नदाता किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराकर उन्हें देश के विकास में सहभागी बनाया जा रहा है। आज की तिरंगा यात्रा इसी आदर्श की अभिव्यक्ति है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं और बधाई दी।

कार्यक्रम को केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी संबोधित किया।

यह तिरंगा यात्रा मुख्यमंत्री आवास 5, कालिदास मार्ग से शुरू होकर विधान भवन तक पहुंची। पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष गूंजते रहे तथा देशभक्ति की धुनों ने माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

आज का राशिफल

वोट करें

अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष ने अपने राहत कार्यक्रम की अगली किस्त जारी करने के लिए पाकिस्तान पर 11 नई शर्तें लगाई हैं। वैश्विक मंच पर क्या यह भारत की बड़ी जीत है?

और भी पढ़ें

WhatsApp