
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास का इलाका जल्द ही आधुनिक व्यावसायिक गतिविधियों का नया केंद्र बनने जा रहा है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने एयरपोर्ट के आसपास होटल, मॉल, मल्टीप्लेक्स और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स विकसित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसके लिए यमुना एक्सप्रेसवे के दोनों ओर स्थित कई सेक्टरों की पहचान की गई है।
अथॉरिटी के अनुसार सेक्टर-30, 31, 23ए, 23बी, 23सी, 23डी, 23ई, सेक्टर-7 और सेक्टर-8 में कमर्शियल लैंड यूज निर्धारित किया गया है। ये सभी क्षेत्र यमुना एक्सप्रेसवे से सटे हुए हैं और एयरपोर्ट से सीधी कनेक्टिविटी रखते हैं। प्लानिंग विभाग इन क्षेत्रों को आधुनिक शहरी स्वरूप देने की तैयारी में जुटा है ताकि एक्सप्रेसवे से बाहर निकलते ही लोगों को एक विकसित और विश्वस्तरीय शहर का अनुभव हो।
योजना के तहत यहां फाइव स्टार होटल से लेकर बजट श्रेणी के होटल तक विकसित किए जाएंगे। एयरपोर्ट क्षेत्र में पहले से ही फाइव स्टार रोजेट होटल का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रियों और स्थानीय लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़े मॉल, मल्टीप्लेक्स और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी बनाए जाएंगे। अथॉरिटी का उद्देश्य ऐसा व्यावसायिक ढांचा तैयार करना है, जिसका लाभ हर वर्ग के लोगों को मिल सके।
अधिकारियों का मानना है कि नोएडा एयरपोर्ट के संचालन के बाद इस क्षेत्र में निवेश, रोजगार और पर्यटन की संभावनाएं तेजी से बढ़ेंगी। ऐसे में यह परियोजना केवल बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र को एक नए आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।









