
छुट्टे की किचकिच खत्म: पंजाब की सरकारी बसों में अब ऑनलाइन पेमेंट से मिलेगा टिकट
पंजाब में सरकारी बसों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब बसों में टिकट लेने के लिए छुट्टे पैसों की परेशानी खत्म होने जा रही है। राज्य सरकार ने डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ETM) की शुरुआत कर दी है, जिससे यात्री ऑनलाइन पेमेंट के जरिए आसानी से टिकट खरीद सकेंगे।
इस नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को टिकट के लिए क्यूआर कोड आधारित भुगतान, यूपीआई, डेबिट/क्रेडिट कार्ड और जरूरत पड़ने पर ऑफलाइन मोड जैसे विकल्प भी मिलेंगे। इससे न सिर्फ यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि टिकटिंग प्रक्रिया भी तेज और पारदर्शी बनेगी।
परिवहन विभाग के अनुसार, डिजिटल टिकटिंग सिस्टम लागू होने से कंडक्टर और यात्रियों के बीच छुट्टे पैसों को लेकर होने वाली किचकिच भी खत्म होगी। साथ ही इससे नकद लेन-देन कम होगा और राजस्व में पारदर्शिता बढ़ेगी।
सरकार का मानना है कि यह कदम डिजिटल इंडिया की दिशा में एक अहम पहल है, जिससे पंजाब की सरकारी बस सेवाएं अधिक आधुनिक और यात्रियों के अनुकूल बनेंगी। आने वाले समय में इस व्यवस्था को राज्य की सभी रोडवेज और परिवहन बसों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।






