
उत्तर भारत में बढ़ते कोहरे ने परिवहन व्यवस्था पर व्यापक असर डाला है। एयरलाइंस के अनुसार खराब विजिबिलिटी के कारण आगमन और प्रस्थान दोनों तरह की उड़ानों में देरी की संभावना बनी हुई है। खासतौर पर सुबह के समय कई फ्लाइट्स निर्धारित समय से देर से संचालित हो सकती हैं। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एयरलाइंस मौसम की स्थिति के अनुसार फ्लाइट ऑपरेशन को लगातार एडजस्ट कर रही हैं।
घने कोहरे का असर सिर्फ हवाई यातायात तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़कों पर भी वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गई है। कम दृश्यता के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए सामान्य से अधिक समय लेकर निकलें, ताकि चेक-इन और सुरक्षा जांच में किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
इंडिगो के साथ-साथ स्पाइसजेट समेत अन्य प्रमुख एयरलाइंस ने भी यात्रियों के लिए अलर्ट जारी किया है। स्पाइसजेट ने स्पष्ट किया है कि खराब दृश्यता के कारण फ्लाइट्स के आगमन, प्रस्थान और कनेक्टिंग उड़ानों पर असर पड़ सकता है। वहीं, दिल्ली में बढ़े कोहरे के कारण रेलवे यातायात भी प्रभावित हुआ है। दिल्ली डिवीजन में लगभग 50 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। हालांकि रेलवे ने यह साफ किया है कि अब तक किसी भी ट्रेन को रद्द नहीं किया गया है।
एयरलाइंस और दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस अवश्य जांच लें और मौसम को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही मौसम में सुधार होगा, फ्लाइट और रेल ऑपरेशन को धीरे-धीरे सामान्य करने की कोशिश की जाएगी। फिलहाल यात्रियों से संयम और सतर्कता बरतने की अपील की गई है।





