
दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास उस समय अफरातफरी मच गई, जब पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक ज़ोरदार धमाका हो गया। धमाके में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। विस्फोट के बाद पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों में आग लग गई और धुएं का गुबार आसमान तक फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को एलएनजेपी और अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एनआईए की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। इस बीच घटना के बाद दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखी जा रही है।









