गुरुग्राम। हरियाणवी सिंगर और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी राहुल फाजिलपुरिया पर सोमवार शाम गुरुग्राम में जानलेवा हमला हुआ। घटना एसपीआर रोड (South Peripheral Road) के पास हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग उस समय की गई जब राहुल फाजिलपुरिया अपनी कार से सफर कर रहे थे। हमलावर दूसरी गाड़ी में सवार थे और उन्होंने चलते वाहन को निशाना बनाते हुए 2 से 3 राउंड फायर किए। गनीमत रही कि इस हमले में राहुल को कोई चोट नहीं आई और वह सुरक्षित हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। गुरुग्राम के बादशाहपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुराने विवाद से जोड़ने की कोशिश
राहुल फाजिलपुरिया का नाम कुछ समय पहले यूट्यूबर एल्विश यादव से जुड़े एक सांप प्रकरण में सामने आया था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस हमले को किसी पुराने विवाद से जोड़ने की पुष्टि नहीं की है।
लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं राहुल
बता दें कि राहुल फाजिलपुरिया ने 2024 में झज्जर-गुड़गांव सीट से JJP के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें भाजपा प्रत्याशी राव इंद्रजीत सिंह से हार का सामना करना पड़ा था। वे अपने गानों और स्टाइलिश अंदाज के लिए युवाओं में खासे लोकप्रिय हैं।
हमले के बाद राहुल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उनके आवास तथा स्टूडियो की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया जा रहा है।
यह घटना हरियाणा की कला और राजनीति दोनों ही क्षेत्रों में हलचल मचा रही है। हमले के पीछे की साजिश क्या थी, यह आने वाली जांच में स्पष्ट होगा।






