
वाराणसी: धर्म और आस्था की नगरी काशी में देव दीपावली 2026 को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर वाराणसी के गंगा घाट 11 लाख से अधिक दीयों की रोशनी से जगमगाएंगे। इस दौरान चेत सिंह घाट पर लेजर शो, दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती और काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होंगे। आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
20 नवंबर से शुरू होगा गंगा महोत्सव
देव दीपावली के मुख्य आयोजन से पहले 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर गंगा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 24 नवंबर को काशी के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर दीपोत्सव मनाया जाएगा। घाटों को लाखों दीयों और आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके साथ ही 20 से 25 नवंबर तक शहर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
लेजर शो और गंगा महाआरती बढ़ाएंगे आयोजन की भव्यता
इस बार देव दीपावली पर कई खास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चेत सिंह घाट पर लेजर शो के जरिए काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, दशाश्वमेध घाट पर भव्य गंगा महाआरती होगी। काशी विश्वनाथ धाम के सामने ग्रीन आतिशबाजी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इन आयोजनों के जरिए काशी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को विशेष अनुभव देने की तैयारी है।
14 अस्पतालों का बनेगा ग्रीन कॉरिडोर
देव दीपावली के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। आपात स्थिति से निपटने के लिए 14 अस्पतालों का ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य जरूरत पड़ने पर मरीजों को बिना देरी के अस्पताल पहुंचाना और तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
10 जोन और 21 सेक्टर में बंटेगी सुरक्षा व्यवस्था
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए पूरे आयोजन क्षेत्र को 10 जोन और 21 सेक्टर में बांटा जाएगा। निगरानी के लिए 27 वॉच टॉवर बनाए जाएंगे। इसके अलावा ड्रोन के माध्यम से भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
गंगा में नावों के संचालन के लिए टू-वे लेन सिस्टम लागू होगा। वहीं, शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अलग-अलग डायवर्जन पॉइंट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों की भागीदारी पर सीएम योगी का जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि देव दीपावली के आयोजन में स्थानीय लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।







