Responsive Menu

Download App from

Download App

Follow us on

Donate Us

दिल्ली अक्षरधाम में 1,256 व्यंजनों से सजा भव्य अन्नकूट, देर शाम तक उमड़े श्रद्धालु

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]
Author Image
Written by
Rishabh Rai

दिल्ली स्थित स्वामिनारायण अक्षरधाम मंदिर में मंगलवार को अन्नकूट एवं गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान के समक्ष 1,256 प्रकार के शुद्ध सात्विक एवं शाकाहारी व्यंजनों का भव्य अन्नकूट भोग अर्पित किया गया। आकर्षक ढंग से सजाए गए इस अन्नकूट के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। देर शाम तक मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ती रही।

अन्नकूट का शाब्दिक अर्थ अन्न का पर्वत होता है। यह पर्व प्रकृति, अन्न और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान द्वारा प्रदान किए गए अन्न, धन और समृद्धि के प्रति आभार प्रकट करने के लिए अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में इस दिन से नववर्ष का भी शुभारंभ होता है।

Advertisement Box

मंदिर में उत्सव की शुरुआत सुबह 11 बजे वैदिक षोडशोपचार विधि से गोवर्धन पूजा के साथ हुई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक प्रतिकृति तैयार की गई थी, जिसमें गोवर्धन पर्वत की शिला और मिट्टी को भी शामिल किया गया। विधि-विधान से पूजा संपन्न होने के बाद दोपहर 12 बजे श्रद्धालुओं के लिए अन्नकूट दर्शन प्रारंभ किए गए। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के समक्ष सजे भव्य अन्नकूट के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

अन्नकूट में भारतीय खानपान की विविधता और पारंपरिक व्यंजनों की झलक देखने को मिली। इसमें घेवर, लड्डू, पेड़ा, हलवा जैसी पारंपरिक मिठाइयों के साथ सेव, मठरी और अन्य नमकीन व्यंजन शामिल रहे। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की सब्जियां, दालें, चावल से बने पकवान, मौसमी फल, पेय पदार्थ और आधुनिक बेकरी उत्पाद भी भगवान को अर्पित किए गए। सभी 1,256 व्यंजनों को बेहद आकर्षक और कलात्मक तरीके से सजाया गया था। भव्य अन्नकूट की सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

इस अवसर पर दिल्ली अक्षरधाम के मुख्य कार्यवाहक संत मुनिवत्सल दास स्वामीजी ने कहा कि भगवान स्वामिनारायण के समय से चली आ रही दिव्य परंपरा का निर्वहन करते हुए बीएपीएस स्वामिनारायण संस्था दुनिया भर के 1,800 से अधिक मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन करती है। यह उत्सव अपार भक्ति, एकता और सामूहिक सेवा भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में सैकड़ों स्वयंसेवकों का योगदान रहता है। उनकी निस्वार्थ सेवा और समर्पण से यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है।

वहीं, परम पूज्य महंतस्वामी महाराज ने अपने संदेश के माध्यम से सभी अनुयायियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के तन, मन और धन से सुखी एवं समृद्ध रहने की मंगलकामना की। साथ ही इष्टनिष्ठा, गुरुनिष्ठा, सिद्धांतनिष्ठा, धर्मनिष्ठा और एकनिष्ठा जैसे पांच मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने प्रार्थना की कि इन मूल्यों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति का जीवन सुखमय और धन्य बने।

अन्नकूट महोत्सव को लेकर पूरे अक्षरधाम मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रंगोलियां, जगमगाते दीप और फूलों से सजे तोरणों ने मंदिर की सुंदरता को और बढ़ा दिया। भक्ति संगीत और उत्सव के वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए। दिनभर चले इस धार्मिक आयोजन का समापन भक्ति और उल्लास के माहौल में हुआ। देर शाम तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते रहे।

आज का राशिफल

वोट करें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एपल प्रमुख टिम कुक से आईफोन का निर्माण भारत में न करने को कहा है। क्या इसका असर देश के स्मार्टफोन उद्योग पर पड़ सकता है?

और भी पढ़ें

WhatsApp