
लखनऊ। रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं, बेटियों और बहनों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला यात्रियों को एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य है कि रक्षाबंधन पर बहनें सुरक्षित और आसानी से अपने घर पहुंच सकें।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान परिवहन, पुलिस और प्रशासन आपसी समन्वय से काम करें। महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखने और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और फील्ड में तैनात प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में प्रदेश में जलभराव और बाढ़ की स्थिति के साथ रक्षाबंधन पर परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की गई। इसके अलावा चीनी की उपलब्धता, आगामी गन्ना पेराई सत्र और विद्यालयों की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के दौरान बस चालकों की जांच और निगरानी के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे का सेवन करने वाले किसी भी चालक को बस चलाने की अनुमति नहीं दी जाए। निजी बस चालकों का सत्यापन कराने के साथ ही ऑटो और टैक्सी चालकों की भी जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है।
योगी ने अधिकारियों से कहा कि त्योहार के दौरान महिला यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। परिवहन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम परिवहन उपलब्ध कराया जा सके। सरकार की इस पहल से रक्षाबंधन पर घर जाने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।







