
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है। छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे गलत बताया है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। छात्रों को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है।
राहुल गांधी ने कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत के जरिए ही निकाला जा सकता है। उन्होंने झारखंड सरकार से छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने की अपील की।
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “झारखंड के छात्रों के लिए हमारा संदेश क्लियर है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हिंसा से अटैक करना, हम उसके खिलाफ हैं।” उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय सरकार को उनसे बातचीत करनी चाहिए।
दरअसल, प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी और अन्य मांगों को लेकर बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। प्रदर्शनकारी छात्र राज्य विधानसभा की ओर बढ़े, जहां पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की। इस दौरान कुछ छात्रों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारों और आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इसके बाद पुलिस की ओर से लाठीचार्ज भी किया गया।
छात्रों पर हुई इस कार्रवाई को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर सवाल उठाए। बीजेपी का कहना था कि जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए लाठीचार्ज को लेकर राहुल गांधी केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल पूछ रहे थे, तो झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस की क्या प्रतिक्रिया है।
गौरतलब है कि झारखंड में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, वाम दलों और आरजेडी के गठबंधन की सरकार है। ऐसे में राहुल गांधी का झारखंड में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को गलत बताना राजनीतिक तौर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राहुल गांधी ने अपने बयान में एक बार फिर दिल्ली में हुए प्रदर्शन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि अमित शाह को यह स्पष्ट करना चाहिए कि युवाओं के खिलाफ कार्रवाई और लाठीचार्ज के आदेश किसने दिए थे। राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि गृह मंत्री को इस बारे में जानकारी नहीं थी, तो यह भी गंभीर सवाल है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर संसद में छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने से बचने का आरोप भी लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष लगातार जवाब मांग रहा है और सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।







