
पीलीभीत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पीलीभीत में आयोजित जनसभा में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए देश के विभाजन से लेकर कानून-व्यवस्था तक कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा। विस्थापित परिवारों को जमीन के मालिकाना हक के दस्तावेज सौंपते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि डबल इंजन की सरकार में किसी भी गरीब को उसकी जमीन से बेदखल नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण देश का विभाजन हुआ और पाकिस्तान तथा बांग्लादेश का निर्माण हुआ, जिससे लाखों हिंदुओं को अपनी पैतृक भूमि छोड़नी पड़ी। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत नागरिकता पाने वाले अधिकांश लोग दलित और पिछड़े वर्ग से हैं, लेकिन कांग्रेस और सपा ने इस मानवीय कानून का भी विरोध किया। योगी ने आरोप लगाया कि दोनों दल तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं और शरणार्थियों के हितों की अनदेखी करते रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना उन पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि “बबुआ दोपहर 12 बजे सोकर उठते हैं, 2 बजे तक तैयार होते हैं और शाम 5 बजे जिम चले जाते हैं, ऐसे लोगों के पास गरीबों के लिए सोचने का समय नहीं है।” योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में विकास केवल सैफई तक सीमित था, जबकि आम जनता परेशान थी। कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले दंगाइयों को संरक्षण मिलता था, लेकिन आज उत्तर प्रदेश में “नो कर्फ्यू, नो दंगा—सब चंगा” का माहौल है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब दंगाई खुद तख्ती लटकाकर आत्मसमर्पण करने आते हैं और बड़े-बड़े माफिया कानून के शिकंजे में हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सुरक्षा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ प्रदेश को विकास की नई दिशा दे रही है।







