Responsive Menu

Download App from

Download App

Follow us on

Donate Us

प्रयागराज में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या से सनसनी, जमीन विवाद में रंजिश की आशंका

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]
Author Image
Written by
Rishabh Rai

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान (47) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना करेली इलाके के बिस्मिल्ला चौराहे पर उस समय हुई, जब इरफान अपने घर के पास एक चाय की दुकान पर बैठे थे। बीच बाजार हुई इस हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब 6:30 बजे दो बाइकों पर सवार चार हमलावर मौके पर पहुंचे। सभी ने गमछे से अपना चेहरा ढक रखा था। हमलावरों ने इरफान के पास बाइक रोकी। तीन हमलावर बाइक पर ही बैठे रहे, जबकि एक नीचे उतरा और सीधे इरफान के पास पहुंच गया। उसने पिस्टल निकाली और इरफान के सीने पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही इरफान खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।

Advertisement Box

वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावरों ने पिस्टल लहराते हुए लोगों में दहशत फैलाई और तेजी से बाइक स्टार्ट कर फरार हो गए। घटना स्थल से महज 250 मीटर दूर ऐनुद्दीनपुर में इरफान का घर है। आसपास के लोगों ने तुरंत परिवार को सूचना दी।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पत्नी और बच्चे रोते-बिलखते नजर आए। घायल इरफान को तुरंत एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मोहम्मद इरफान का नाम पहले से ही आपराधिक जगत से जुड़े लोगों के संपर्क में रहा है। बताया जा रहा है कि वह कभी माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ का करीबी रहा था और करीब 12 साल पहले उसकी गाड़ी भी चलाता था। बाद में वह प्रॉपर्टी के कारोबार में सक्रिय हो गया।

परिवार ने इस हत्या के पीछे आसिफ दुर्रानी (45) और उसके भाई राशिद पर आरोप लगाया है। आसिफ दुर्रानी का नाम भी आपराधिक मामलों में सामने आता रहा है और वह अतीक गैंग से जुड़ा बताया जाता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कई बार कार्रवाई हो चुकी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इरफान और दुर्रानी दोनों प्रॉपर्टी के कारोबार में जुड़े थे और जमीन को लेकर उनके बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है।

मृतक के बेटे मोहम्मद आमिर ने करेली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें आसिफ दुर्रानी, उसके भाई राशिद और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। परिवार का आरोप है कि पहले दोनों पक्ष साथ में जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करते थे, लेकिन बाद में विवाद बढ़ता गया और दुश्मनी में बदल गया।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जो गुरुवार को कराया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

करेली थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

यह घटना एक बार फिर प्रयागराज में जमीन विवाद और आपराधिक नेटवर्क के बीच संबंधों को उजागर करती है। हाल के वर्षों में शहर में प्रॉपर्टी से जुड़े विवादों में हिंसा की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल, पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करना और इस हत्या के पीछे की साजिश का खुलासा करना है। वहीं, मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

आज का राशिफल

वोट करें

'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद दुनिया के सामने रोज बेनकाब हो रहे पाकिस्तान को दी गई एक अरब डॉलर की मदद पर क्या अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष को फिर से विचार करना चाहिए?

Advertisement Box

और भी पढ़ें

WhatsApp