
अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित कर दिया गया है और जांच में सच्चाई सामने आकर रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी दोषी होगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस मामले से जुड़ा कोई ठोस सबूत या जानकारी है, तो उसे SIT के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। जांच पूरी होने के बाद सभी तथ्यों का खुलासा हो जाएगा और किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
सीएम योगी ने रामभक्तों से संयम और मर्यादा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। हमारे पूर्वजों ने करीब 500 वर्षों तक संघर्ष और धैर्य का परिचय दिया है। ऐसे में जांच पूरी होने तक कुछ दिन और धैर्य रखा जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग राम मंदिर और अयोध्या धाम की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। जनता को ऐसे लोगों के बहकावे में नहीं आना चाहिए और SIT की रिपोर्ट आने तक अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों का इतिहास रामभक्तों पर लाठियां चलाने का रहा है, उन्हें आस्था के मुद्दों पर राजनीति करने से बचना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि जांच निष्पक्ष होगी और रिपोर्ट आने के बाद तथ्य स्वयं सामने आ जाएंगे।








