
बिहार की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री आवास से जुड़ा एक अहम प्रशासनिक फैसला सामने आया है। भवन निर्माण विभाग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास का दायरा बढ़ाकर अब 5 देशरत्न मार्ग को भी इसमें शामिल कर लिया गया है। यह नया प्रावधान अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
जानकारी के मुताबिक, 5 देशरत्न मार्ग फिलहाल उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आधिकारिक आवास था, जिसे अब अस्थायी रूप से मुख्यमंत्री आवास परिसर का हिस्सा बना दिया गया है। हालांकि सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आवास भविष्य में उपमुख्यमंत्री के लिए ही आरक्षित रहेगा, लेकिन फिलहाल इसे सीएम हाउस के विस्तार के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, 1 अणे मार्ग और 5 देशरत्न मार्ग आपस में सटे हुए हैं, ऐसे में प्रशासनिक समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे न केवल सुरक्षा को मजबूती मिलेगी, बल्कि सरकारी कार्यों के संचालन में भी सुविधा होगी।
इस बीच, यह भी उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित आधिकारिक आवास पहले ही खाली कर दिया है। ऐसे में सरकार द्वारा किए गए इस नए बदलाव को प्रशासनिक पुनर्गठन के तौर पर देखा जा रहा है।
हालांकि इसे फिलहाल अस्थायी व्यवस्था बताया गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस कदम को अहम माना जा रहा है। आने वाले समय में सरकार की ओर से नए नोटिफिकेशन के बाद इसकी स्थिति और स्पष्ट होगी।





