
आठवें वेतन आयोग पर बड़ी बैठक, कर्मचारियों के मुद्दों पर मंथन
नई दिल्ली। 8वें केंद्रीय वेतन आयोग (CPC) को लेकर प्रक्रिया तेज होती दिख रही है। इसी क्रम में नेशनल काउंसिल–जॉइंट कंसल्टेटिव मशीनरी (NC-JCM) स्टाफ साइड और आयोग के बीच पहली अहम बैठक आयोजित हुई।
बैठक में NC-JCM के सचिव शिव गोपाल मिश्रा और आयोग की अध्यक्ष जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई मौजूद रहीं। इस दौरान केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में वेतन संरचना, फिटमेंट फैक्टर, भत्तों में संशोधन और सेवा शर्तों में सुधार जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों की अपेक्षाओं और मांगों को आयोग के समक्ष रखा गया, जिस पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
माना जा रहा है कि इस बैठक के बाद 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों की दिशा में काम और तेज होगा, जिससे लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को भविष्य में राहत मिलने की उम्मीद है।








