
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा सैटेलाइट इंटरनेट को लेकर किए गए ट्वीट पर दुनिया के सबसे धनी उद्योगपति एलन मस्क ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। सिंधिया ने मंगलवार को बताया था कि उन्होंने स्पेसएक्स और स्टारलिंक के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर भारत में उपग्रह-आधारित इंटरनेट सेवाओं के विस्तार पर चर्चा की। इसी ट्वीट के जवाब में मस्क ने लिखा- Looking forward to serving India with Starlink!— जिसे विशेषज्ञ भारत में Starlink के प्रवेश की दिशा में बड़ा संकेत मान रहे हैं।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, Starlink ने देश में संचालन के लिए जरूरी लाइसेंस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। कंपनी बिजली, दूरसंचार और सुरक्षा मंजूरियों को पूरा करने की कोशिश में है, जिसके बाद ही सेवाओं की औपचारिक शुरुआत संभव होगी। फिलहाल Starlink भारत में हाई-स्पीड सैटेलाइट इंटरनेट के लिए नौ संभावित गेटवे स्टेशनों की योजना पर काम कर रही है।
उद्योग जगत का मानना है कि Starlink की एंट्री ग्रामीण और दूरदराज़ इलाकों में इंटरनेट की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हालांकि, टेलीकॉम कंपनियां इसे प्रतिस्पर्धा बढ़ने के रूप में देख रही हैं और कीमतों को लेकर स्पष्टता की मांग कर रही हैं। सरकार अभी भी कंपनी से अंतिम परियोजना मंजूरी और सुरक्षा संबंधित दस्तावेजों की प्रतीक्षा कर रही है। उम्मीद है कि सभी औपचारिकताएँ पूरी होने पर आने वाले महीनों में Starlink भारत में अपनी सेवाओं की शुरुआत कर सकती है।






