
उत्तराखंड : होमगार्ड जवानों के लिए बड़ी सौगात, स्थापना दिवस पर CM धामी की 7 अहम घोषणाएं
उत्तराखंड सरकार ने राज्य के होमगार्ड संगठन को मजबूत करने और जवानों की कार्य-स्थितियों में सुधार लाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। उत्तराखंड होमगार्ड्स के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 7 महत्त्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए हजारों जवानों को बड़ी सौगात दी।
सबसे अहम घोषणा के तहत अब प्रदेश में तैनात होमगार्ड जवानों को साल में 12 आकस्मिक अवकाश (Casual Leave) प्रदान किए जाएंगे। इससे जवानों को निजी कार्यों और जरूरी परिस्थितियों में राहत मिलेगी। वहीं महिला होमगार्ड जवानों को मातृत्व अवकाश का लाभ देकर सरकार ने महिला बल की महत्ता और उनके कल्याण पर विशेष जोर दिया है।
राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी करने वाले जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 9000 फीट से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में तैनात होमगार्ड्स को पुलिस और NDRF की तर्ज पर 200 रुपये प्रतिदिन प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह कदम दुर्गम क्षेत्रों में तैनात जवानों की चुनौतियों को देखते हुए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके साथ ही SDRF प्रशिक्षण प्राप्त होमगार्ड जवानों को 100 रुपये अतिरिक्त भत्ता देने की घोषणा भी की गई है, जिससे प्रशिक्षित बल को सम्मान और कार्य-प्रेरणा दोनों मिलेगा।
लंबे समय से लंबित वर्दी भत्ता को दोबारा लागू कर दिया गया है, जिसके तहत सभी जवानों को नियमित रूप से वर्दी के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी। वहीं भोजन भत्ता 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये और प्रशिक्षण भत्ता 50 रुपये से बढ़ाकर 140 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि होमगार्ड जवान आपदा, कानून-व्यवस्था और जनता की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार उनके हितों के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाती रहेगी।









