
तमिलनाडु के तटीय इलाकों में चक्रवात ‘दित्वा’ के करीब पहुंचने से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार तूफान के असर से राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाएं, भारी से अति भारी बारिश, और तटीय क्षेत्रों में ऊँची समुद्री लहरों का खतरा बढ़ गया है। चक्रवात के तट के नजदीक पहुँचते ही मौसम तेजी से बिगड़ता दिखाई दे रहा है। कई तटीय जिलों- विशेषकर नागपट्टिनम, कडलूर, कराईकल और चेन्नई- में प्रशासन ने रेड-अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि हवा की रफ्तार 70–90 किमी प्रतिघंटा तक पहुँच सकती है, जिससे पेड़ गिरने, बिजली लाइनों के नुकसान, सड़क जलभराव और यातायात बाधित होने की आशंका है। समुद्र पूरी तरह उफान पर है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की कड़ी चेतावनी दी गई है।
राज्य सरकार ने सभी तटीय जिलों में आपदा प्रबंधन टीमों को तैनात कर दिया है और स्कूल-कॉलेज कई जगह बंद कर दिए गए हैं। संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा न करें, तटीय क्षेत्रों से दूर रहें और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें









