
UPTET के दबाव में हमीरपुर के शिक्षक ने की आत्महत्या, सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बढ़ा तनाव
हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से दुखद खबर सामने आई है। बेसिक शिक्षा विभाग में तैनात 52 वर्षीय शिक्षक गणेशी लाल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के मुताबिक हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया था कि 2011 से पहले नियुक्त सभी शिक्षकों के लिए टीईटी (TET) परीक्षा पास करना अनिवार्य होगा, अन्यथा दो साल बाद उनकी नौकरी समाप्त हो जाएगी। इसी फैसले के बाद से गणेशी लाल मानसिक तनाव में थे।
परिवार के अनुसार वह बार-बार यही कहते थे कि इस उम्र में कठिन परीक्षा पास करना मुश्किल है। शुक्रवार देर रात उन्होंने अपने घर में फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना से जिले में शोक की लहर है। शिक्षक संगठनों ने सरकार से मांग की है कि वरिष्ठ शिक्षकों को इस परीक्षा से छूट दी जाए या वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।








