
नई दिल्ली: सेंट्रल कंज्यूमर प्रोटेक्शन अथॉरिटी (CCPA) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक टैक्सी सेवा देने वाली कंपनी रैपिडो पर ₹10 लाख का जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई कंपनी द्वारा किए गए झूठे और भ्रामक विज्ञापनों के चलते की गई है। साथ ही, CCPA ने रैपिडो को निर्देश दिया है कि वह विवादित विज्ञापन तुरंत हटाए और ग्राहकों को रिफंड करे।
क्या था रैपिडो का दावा?
रैपिडो ने अपने विज्ञापनों में दावा किया था कि ग्राहक को ‘5 मिनट में ऑटो या 50 रुपए कैशबैक’ मिलेगा। इसके अलावा अन्य गारंटीड सर्विसेस का भी वादा किया गया था। हालांकि, असल में ऐसा हुआ नहीं। कंपनी ने यह विज्ञापन 548 दिनों तक, 120 शहरों में और कई भाषाओं में चलाया।
हकीकत: कैशबैक की जगह ‘रैपिडो कॉइन्स’
CCPA की जांच में सामने आया कि कंपनी ने नकद कैशबैक की जगह रैपिडो कॉइन्स दिए, जो सिर्फ बाइक राइड्स में इस्तेमाल किए जा सकते थे। वह भी सिर्फ 7 दिनों के लिए वैध थे और कई शर्तों से बंधे थे, जिससे उनकी उपयोगिता सीमित हो गई। CCPA का कहना है कि यह ग्राहकों को गुमराह करने और बार-बार ऐप इस्तेमाल करने के लिए मजबूर करने की अनुचित व्यापारिक प्रथा (Unfair Trade Practice) है।
1800 से ज्यादा यूजर शिकायतें
CCPA के मुताबिक, पिछले दो वर्षों में लगभग 1800 उपभोक्ताओं ने कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
अप्रैल 2023 – मई 2024: 575 शिकायतें
जून 2024 – जुलाई 2025: 1,224 शिकायतें
इनमें कैशबैक न मिलना, रिफंड में देरी, ज़्यादा चार्ज, और ड्राइवर का गलत व्यवहार जैसी शिकायतें शामिल हैं।
‘कमिशन और ओमिशन’ दोनों में दोषी
CCPA ने कहा कि रैपिडो ने जानबूझकर भ्रामक दावे (commission) किए और साथ ही महत्वपूर्ण जानकारी छिपाई (omission)। जैसे कि ‘5 मिनट गारंटी’ का दावा तो किया, लेकिन यह नहीं बताया कि यह सुविधा हर जगह और हर समय लागू नहीं है।
15 दिन में देना होगा अनुपालन का सबूत
CCPA ने रैपिडो को आदेश दिया है कि वह 15 दिनों के भीतर यह रिपोर्ट करे कि उसने आदेशों का पालन कैसे किया।
वहीं, अभी तक कंपनी की ओर से इस जुर्माने या आदेश पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अगर आप भी पीड़ित हैं, तो करें शिकायत
अगर आप रैपिडो के झूठे दावे या सेवा से परेशान हुए हैं, तो आप CCPA या नजदीकी उपभोक्ता फोरम में शिकायत कर सकते हैं।









