भारतीय सेना ने बुधवार को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के नौ ठिकानों पर सटीक हमला किया। इसके बाद देश के कई हिस्सों में हवाई उड़ानों पर असर पड़ा है। सुरक्षा कारणों से एयर इंडिया ने जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से आने-जाने वाली सभी उड़ानें 7 मई दोपहर तक रद्द कर दी हैं। एयर इंडिया ने बताया कि अमृतसर जाने वाली दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को दिल्ली डायवर्ट किया गया है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट किया गया है। इंडिगो एयरलाइंस ने भी श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर और जोधपुर की उड़ानें रद्द कर दी हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे हवाई अड्डे पर जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति अवश्य जांच लें। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द नई जानकारी साझा की जाएगी
।









