अखिलेश यादव के खिलाफ मैनपुरी के करहल से चुनाव लड़ रहे एसपी सिंह बघेल को जेड श्रेणी की सुरक्षा

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ मैनपुरी के करहल से उत्तर प्रदेश विधानसभा 2022 का चुनाव लड़ रहे केन्द्रीय मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल को जेड श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की गई है। मैनपुरी में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के प्रत्याशी बघेल उनके काफिले पर हमले के बाद भारतीय जनता पार्टी ने निर्वाचन आयोग से शिकायत भी की है। इसके साथ ही केन्द्र सरकार ने उनको जेड श्रेणी की सुरक्षा दी है।मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान मंगलवार को केन्द्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल के काफिले पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई। भाजपा ने आरोप लगाया कि सपा उनके प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं पर हमले करा रही है। इस घटना के दोषियों पर कार्रवाई की मांग भी की है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने बघेल पर हमले के बाद उनको जेड श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध करा दी है।







